दहेज की मांग पूरी न होने पर नवविवाहिता की मौत, पति समेत छह पर मुकदमा दर्ज

पीलीभीत। न्यूरिया थाना क्षेत्र के गांव करीमगंज में रविवार सुबह नवविवाहिता ज्योति का शव ससुराल के कमरे में साड़ी के फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मायके पक्ष ने दहेज में डेढ़ लाख रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर मारपीट करने और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पिता की तहरीर पर पति समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिथरा निवासी श्रीराम ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी ज्योति की शादी करीमगंज निवासी राजकुमार के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुर तेजराम, जेठ धर्मेंद्र और किशनलाल, सास सीमा तथा जेठानी दहेज में डेढ़ लाख रुपये की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर ज्योति के साथ मारपीट की जाती थी। श्रीराम के अनुसार, 17 अक्तूबर को भी बेटी के साथ मारपीट की गई थी।
इसकी जानकारी मिलने पर उन्होंने 18 अक्तूबर की सुबह करीब आठ बजे अपने मौसेरे बहनोई को ज्योति की ससुराल भेजा। वहां कमरे में ज्योति का शव साड़ी के फंदे से लटका मिला। परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से शव नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।सूचना पर थाना प्रभारी दिगंबर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ सदर नताशा गोयल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



