बेल्जियम में शूटिंग चैम्पियनशिप में सीएमएस के नोमान ने जीता गोल्ड मेडल

लखनऊ, पायनियर खेल संवाददाता। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, गोमती नगर प्रथम कैम्पस के कक्षा-10 के प्रतिभाशाली छात्र नोमान अहमद मलिक ने बेल्जियम में आयोजित अन्तर्राष्ट्रीय शूटिंग चैम्पियनशिप इन्टारसो रिफ्लेक्स शूटिंग कप-2026 में गोल्ड मेडल अर्जित कर लखनऊ का नाम अन्तर्राष्ट्रीय पटल पर गौरवान्वित किया है। नोमान ने यह उपलब्धि 10मी एअर पिस्टल शूटिंग प्रतिस्पर्धा में अर्जित की है। सी.एम.एस. संस्थापिका-निदेशिका डा. भारती गाँधी ने विद्यालय के इस होनहार छात्र की ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसके उज्वल भविष्य की कामना की है। डा. गाँधी ने विश्वास व्यक्त किया कि नोमान की यह उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणास्रोत साबित होगी। यह जानकारी सी.एम.एस. के हेड, कम्युनिकेशन्स श्री ऋषि खन्ना ने दी है।
श्री खन्ना ने बताया कि रिफ्लेक्स स्पोर्ट शूटिंग फाउण्डेशन के तत्वावधान में आयोजित इस अन्तर्राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में विश्व के विभिन्न देशों के चुनिंदा निशानेबाजों ने प्रतिभाग किया तथापि कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच सी.एम.एस. के इस होनहार शूटर्स ने राइफल शूटिंग के तकनीकी ज्ञान, लक्ष्य साधने की क्षमता, ब्रेथ कन्ट्रोल, मूवमेन्ट कन्ट्रोल एवं ट्रिगर कन्ट्रोल क्षमताओं के शानदार प्रदर्शन के साथ ही अपने आत्मविश्वास एवं खेल भावना का शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम को सर्वोच्च स्थान दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। श्री खन्ना ने आगे कहा कि सी.एम.एस. छात्र न सिर्फ शैक्षिक क्षेत्र में अपितु खेलों व समाज के अन्य बहुतेरे क्षेत्रों में भी विद्यालय का नाम राष्ट्रीय व अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर रहे हैं क्योंकि सी.एम.एस. अपने छात्रों के बौद्धिक विकास के साथ उन्हें खेलों व अन्य सामाजिक क्षेत्रों के लिए भी विशेष रूप से तैयार करने में पूरे मनोयोग से संलग्न है।

Senior Sports Reporter Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *