मुख्य सामग्री पर जाएं
हिंदी संस्करण
पायनियर स्वतंत्र · निष्पक्ष · निर्भीक
उत्तर प्रदेश

छाड़ियांन मेला रात 12 बजे बंद कराने पर पुलिस और दुकानदारों में नोकझोंक

-समय पूरा होने पर दुकानें बंद कराने पहुंची पुलिस का घेराव कर व्यापारियों ने किया हंगामा, सख्ती के बाद बंद कराया गया मेला पायनियर समाचार सेवा, खतौली। खतौली में चल रहे प्रसिद्ध छाड़ियांन मेले में शुक्रवार देर रात मेला बंद कराने के…

साझा करें WhatsAppFacebookX
छाड़ियांन मेला रात 12 बजे बंद कराने पर पुलिस और दुकानदारों में नोकझोंक
-समय पूरा होने पर दुकानें बंद कराने पहुंची पुलिस का घेराव कर व्यापारियों ने किया हंगामा, सख्ती के बाद बंद कराया गया मेला
पायनियर समाचार सेवा, खतौली।
खतौली में चल रहे प्रसिद्ध छाड़ियांन मेले में शुक्रवार देर रात मेला बंद कराने के समय को लेकर पुलिस और मेला ठेकेदार व दुकानदारों के बीच नोकझोंक हो गई। रात 12 बजे मेला बंद कराने पहुंचे पुलिसकर्मियों का कुछ दुकानदारों ने घेराव कर विरोध किया और जमकर हंगामा किया। काफी देर तक पुलिस और मेला व्यापारियों के बीच कहासुनी होती रही। बाद में पुलिस अधिकारियों ने सख्ती दिखाई, जिसके बाद मेला बंद कराया गया।
प्रति वर्ष की तरह इस वर्ष भी नगर पालिका परिषद की ओर से धार्मिक एवं ऐतिहासिक छाड़ियांन मेले का आयोजन किया गया है। मेले की पहचान लंबे समय से साम्प्रदायिक सौहार्द के रूप में रही है। मेले में प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और पुरुष दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंच रहे हैं। मेले में घरेलू उपयोग का सामान, बच्चों के खिलौने और खानपान की विभिन्न दुकानें लगी हैं। इसके अलावा बच्चों और बड़ों के मनोरंजन के लिए अप्पू घर में छोटे-बड़े झूले, जलपरी, भूत बंगला समेत कई मनोरंजन के साधन लगाए गए हैं। मेले में उमड़ रही भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। आपराधिक और शरारती तत्वों पर नजर रखने के लिए मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी भी की जा रही है। स्थानीय प्रशासन ने मेले को रात 12 बजे तक बंद करने का समय निर्धारित किया है। प्रशासन की ओर से स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि निर्धारित समय तक मेला पूरी तरह बंद हो जाना चाहिए। इसी आदेश का पालन कराने के लिए शुक्रवार रात मेला इंचार्ज करणवीर और अन्य पुलिसकर्मी दुकानदारों को दुकानें बंद करने के निर्देश देने पहुंचे। पुलिस के पहुंचते ही कुछ दुकानदारों ने अपनी दुकानें और लाइटें बंद कर दीं, जबकि कुछ दुकानदारों ने इसका विरोध करते हुए दुकानें खुली रखीं। इसी दौरान मेला ठेकेदार और कुछ दुकानदारों ने पुलिसकर्मियों का घेराव कर हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस और व्यापारियों के बीच काफी देर तक नोकझोंक होती रही। स्थिति को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने सख्ती बरती और निर्धारित समय का पालन कराते हुए रात 12 बजे मेला बंद करा दिया। मेला इंचार्ज करणवीर ने दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्धारित समय के बाद किसी भी दुकान को खुला नहीं रखा जाएगा। पुलिस ने मेले में आने वाले लोगों की सुरक्षा और प्रशासनिक आदेशों का पालन सुनिश्चित कराने की बात कही।