चोरी के दो मामलों में मध्य प्रदेश से दो महिलाएं गिरफ्तार, 70 हजार रुपये बरामद

शामली। कोतवाली शामली पुलिस ने चोरी के दो मामलों का खुलासा करते हुए मध्य प्रदेश से दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम में से कुल 70 हजार रुपये बरामद किए हैं। दोनों आरोपी महिलाएं मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले की रहने वाली हैं। पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला और सीओ सिटी जितेंद्र सिंह यादव के निर्देशन में कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र कुमार गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। पुलिस ने चोरी के मामले में वांछित सोनम उर्फ सोनिका पत्नी रोहित निवासी कड़िया सांसी, थाना बोड़ा, जिला राजगढ़, मध्य प्रदेश को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से मुकदमा अपराध संख्या 48/26 से संबंधित 20 हजार रुपये बरामद हुए। वहीं, दूसरे मामले में पुलिस ने शिवली उर्फ अनीता पत्नी हरवन सिंह निवासी गुलखेड़ी, थाना बोड़ा, जिला राजगढ़ को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से मुकदमा अपराध संख्या 98/26 से संबंधित 50 हजार रुपये बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक दोनों महिलाओं को 24 सितंबर की शाम करीब पांच बजे मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के थाना बोड़ा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार गौतम, उपनिरीक्षक शैलेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक देवदत्त शर्मा और महिला कांस्टेबल 108 छमा रानी शामिल रहीं।



