छात्र संघ चुनाव : अध्यक्ष सहित अन्य पदों में 20 उम्मीदवार चुनाव मैदान में, कल होगा मतदान

पायनियर समाचार सेवा। अल्मोड़ा। अल्मोड़ा के सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय कैंपस में छात्रसंघ चुनाव से पहले आमसभा में बड़ी संख्या में छात्रों और समर्थकों की भीड़ उमड़ी। विश्वविद्यालय में 29 सितंबर को छात्रसंघ चुनाव होने हैं, जबकि इसी शाम चुनाव परिणामों की घोषणा की जाएगी। चुनाव से एक दिन पहले 28 सितंबर को आयोजित आमसभा में प्रत्याशियों ने छात्रों के बीच अपनी बात रखी और समर्थन जुटाने की कोशिश की। अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के रोहित कुमाल्टा और एनएसयूआई के अमित बिष्ट के बीच सीधा मुकाबला है। छात्रसंघ के 13 पदों के लिए कुल 20 उम्मीदवार मैदान में हैं। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। कॉलेज कैंपस में पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है। वहीं 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कॉलेज के चुनाव राजनीतिक दलों के प्रतिष्ठा का सवाल बन गए हैं। पर्दे के पीछे बड़े-बड़े नेता अपने उम्मीदवारों के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं।



