बुद्धेश्वर मंदिर दर्शन करने जा रहे वृद्ध की सड़क हादसे में मौत

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। पारा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह बुद्धेश्वर मंदिर दर्शन करने जा रहे 75 वर्षीय वृद्ध की सड़क हादसे में मौत हो गई। सड़क पार करते समय अज्ञात डाले ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। ट्रामा सेंटर में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान हीरालाल (75) पुत्र स्वर्गीय परमेश्वर निवासी लोधी भवन, उत्तमनगर, थाना पारा, लखनऊ के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उन्नाव जनपद के रहने वाले थे।
बुधवार सुबह करीब आठ बजे वह घर से बुद्धेश्वर मंदिर में दर्शन करने के लिए निकले थे। इसी दौरान सड़क पार करते समय अज्ञात डाले ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना की सूचना मिलते ही पारा पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायल हीरालाल को पारा स्थित संकल्प हॉस्पिटल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।परिजनों के मुताबिक, हीरालाल पहले राजगीर का काम करते थे। उनकी आंखों की रोशनी भी कमजोर थी। मृतक अपने पीछे तीन बेटे छोड़ गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।पुलिस के अनुसार, शव के संबंध में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया की जा रही है। हादसे में शामिल अज्ञात डाले के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। परिजनों की ओर से प्रार्थना पत्र मिलने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।



