भारतीय महिला हैंडबॉल टीम ने जीता आईएचएफ नेशंस ट्रॉफी का खिताब
भावना बनीं सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, दीक्षा ठाकुर को मिला प्लेयर ऑफ द मैच पुरस्कार

नई दिल्ली । भारतीय महिला हैंडबॉल टीम ने ढाका में आयोजित महिला आईएचएफ नेशंस ट्रॉफी-एशिया जोन टूर्नामेंट का खिताब जीतकर देश का गौरव बढ़ाया। भारत ने फाइनल में मेजबान बांग्लादेश को 28-16 गोलों से हराकर स्वर्ण पदक जीता। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने आगामी एशियाई महिला हैंडबॉल चैंपियनशिप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया।
फाइनल में भारतीय खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा। तेज आक्रमण और मजबूत रक्षापंक्ति के दम पर भारत ने पहले हाफ में 14-9 की बढ़त हासिल की। दूसरे हाफ में भी टीम ने शानदार प्रदर्शन जारी रखा और बांग्लादेश को वापसी का मौका नहीं दिया।
भारत की भावना ने फाइनल में सर्वाधिक 11 गोल किए। पूरे टूर्नामेंट में 43 गोल करने वाली भावना को सर्वाधिक गोल करने वाली खिलाड़ी और मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर चुना गया। भारतीय कप्तान एवं गोलकीपर दीक्षा ठाकुर को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला। जागृति देवी और प्रियंका ठाकुर को भी उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर का सम्मान प्रदान किया गया।
भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में मालदीव को 40-8 और बांग्लादेश को 47-13 से हराया। इसके बाद नेपाल पर 26-11 की जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई। तीसरे स्थान के मुकाबले में नेपाल ने मालदीव को 27-15 से हराकर कांस्य पदक हासिल किया।
इस उपलब्धि पर हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया के कार्यकारी निदेशक डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय सहित अन्य पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों, मुख्य प्रशिक्षक सचिन चौधरी और सहयोगी स्टाफ को बधाई दी। स्वदेश लौटने पर भारतीय टीम का नई दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया गया।
अब भारतीय टीम 23 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक कजाखस्तान में आयोजित होने वाली एशियाई महिला हैंडबॉल चैंपियनशिप में हिस्सा लेगी।



