बारिश बनी कहर! सिकंदराबाद गांव में कमर तक भरा पानी
दर्जनों गरीबों के आशियाने डूबे, बाजार और सचिवालय में रहने को मजबूर

गोला गोकर्णनाथ-खीरी। दो दिन की लगातार बारिश गरीबों के लिए आफत बन गई है। जल निकासी की व्यवस्था न होने से सिकंदराबाद गांव के निचले इलाके में कमर तक पानी भर गया है।
गांव में कच्चे मकानों और झोपड़ियों में रह रहे लोगों के आशियाने पूरी तरह डूब गए हैं। पानी घरों में घुसने से अनाज, बिस्तर, कपड़े और घर का सारा सामान भीग कर खराब हो गया है।
पीड़ितों में राजू पुत्र शिवकरन, घनश्याम पुत्र शिवकरन, संतराम पुत्र अशोक, राम सिंह पुत्र अशोक, कमलेश पुत्र अशोक, रामपाल पुत्र सुरेश, रामधार पुत्र छोटेलाल, महेश, जयराम, रामसरन समेत एक दर्जन से अधिक परिवार शामिल हैं।
बेघर हुए दर्जनों परिवारों ने गांव के बाजार की दुकानों के टीन शेड और पंचायत सचिवालय में शरण ले रखी है।
पीड़ितों का कहना है कि दो दिन से घरों में पानी भरा है, चूल्हा जलाने की जगह नहीं बची है और छोटे-छोटे बच्चे भूखे-प्यासे रहने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि अब तक प्रशासन की ओर से कोई मदद नहीं पहुंची है। ग्रामीणों ने जल निकासी, राहत सामग्री और रहने की व्यवस्था की मांग की है।



