त्योहारों से पहले त्रिवेणी घाट की व्यवस्थाएं दुरुस्त होंगी, महापौर ने किया निरीक्षण

ऋषिकेश।(रजनी गोयल) दीपावली, इगास-बग्वाल और छठ पूजा के मद्देनजर महापौर शंभू पासवान ने त्रिवेणी घाट का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने घाट पर चल रहे विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति देखी और अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
महापौर ने घाट परिसर में जमा रेत को प्राथमिकता से हटाने तथा साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि आगामी पर्वों पर त्रिवेणी घाट में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में घाट पर स्वच्छता, सुरक्षा, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सुगम आवागमन सुनिश्चित किया जाए। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी विकास कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं और विभाग आपसी समन्वय से काम करें। निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों के चलते श्रद्धालुओं और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
महापौर ने कहा कि त्रिवेणी घाट ऋषिकेश की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का प्रमुख केंद्र है। इसकी स्वच्छता, सुंदरता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त विजय नाथ शुक्ल, अधिशासी अभियंता अनिल नेगी सहित नगर निगम और संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



