अरावली के पास कूड़ा डालने का विरोध, मौके पर पहुंचा पुलिस बल; दोनों पक्षों में कहासुनी

गाजीपुर लैंडफिल जैसी स्थिति बनने की आशंका से भड़के लोग, प्रदर्शनकारियों ने कूड़ा डालने से साफ रोका
पायनियर समाचार सेवा। फरीदाबाददिल्ली के गाजीपुर की तर्ज पर फरीदाबाद में भी कूड़े का पहाड़ खड़ा होने की आशंका ने स्थानीय लोगों का गुस्सा बढ़ा दिया है। अरावली की पहाड़ियों के पास विशाल हनुमान मंदिर के नजदीक कूड़ा डालने के कथित प्रयास का विरोध करने के लिए लोग सड़क पर उतर आए। स्थिति को देखते हुए प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस बल मौके पर पहुंचा, जहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। हालांकि, लोगों ने पीछे हटने से इनकार करते हुए मौके पर कूड़ा डालने का विरोध जारी रखा और कूड़ा डालने से साफ मना कर दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अरावली क्षेत्र पर्यावरण और शहर के प्राकृतिक संतुलन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे संवेदनशील क्षेत्र के आसपास कूड़ा जमा करने से बदबू, गंदगी, प्रदूषण और बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। लोगों को आशंका है कि यदि यहां नियमित रूप से कूड़ा डाला गया, तो धीरे-धीरे कचरे का बड़ा ढेर खड़ा हो सकता है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों के साथ धार्मिक स्थल पर आने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी होगी।



