पायनियर संवाददाता। पीलीभीत
श्रावण मास में कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। मंगलवार को जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह और पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव मिश्रा ने शहर क्षेत्र में कांवड़ यात्रा मार्गों तथा प्रमुख मंदिरों का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा मार्गों पर अतिक्रमण हटाने, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न होने देने के निर्देश दिए।
उन्होंने संवेदनशील स्थलों और प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित पेट्रोलिंग और यातायात पुलिस की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि यात्रा के दौरान आमजन को भी किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। डीएम और एसपी ने प्रमुख मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों का निरीक्षण कर भीड़ प्रबंधन, प्रवेश और निकास व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। साथ ही मंदिर परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा मार्गों और मंदिर परिसरों में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखने आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त कैमरे लगाने के भी निर्देश दिए, ताकि श्रावण मास के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद बनी रहे। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर, एसडीएम सदर श्रद्धा सिंह,सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।










