-आदर्श मंडी पुलिस ने सचिन को दबोचा, लूटा गया मोबाइल बरामद; एक आरोपी पहले ही जा चुका जेल
शामली। आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के गांव बधैव में पत्रकार के साथ मारपीट कर जानलेवा हमला करने और मोबाइल लूटने के मामले में पुलिस ने वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद किया है। मामले में एक आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
गांव बधैव कन्नूखेड़ा निवासी सुधीर कुमार ने 20 अगस्त को आदर्शमंडी थाने में तहरीर दी थी। आरोप है कि उनके भाई विपिन कुमार, जो पत्रकार हैं, के साथ गांव में परमजीत, सचिन, प्रवीण और उनके अन्य साथियों ने मारपीट की। आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से धारदार हथियार से हमला किया और उनका मोबाइल फोन लूट लिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस अधीक्षक एन. पी. सिंह के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया था। बुधवार को संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग के दौरान आदर्शमंडी पुलिस ने मुकदमे में वांछित सचिन पुत्र राजकुमार निवासी गांव बधैव थाना आदर्शमंडी को गिरफ्तार कर लिया।7 पुलिस ने उसकी निशानदेही पर लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल आरोपी प्रवीण कुमार पुत्र राजकुमार निवासी गांव बधैव को 21 अगस्त को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह, सर्विलांस सेल के उपनिरीक्षक कर्मवीर सिंह, उपनिरीक्षक सोमपाल सिंह, हेड कांस्टेबल विनय कुमार, प्रमोद कुमार और राहुल मलिक शामिल रहे।