-अधिकारियों को दिए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
महिला अपराध संबंधी शिकायतों को प्राथमिकता से निस्तारित और साइबर ठगी से बचाव को लेकर किया जागरूक
पायनियर समाचार सेवा, खतौली।
तहसील खतौली में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच करने और निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें लेकर पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को डीएम और एसएसपी ने गंभीरता से सुना। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचकर शिकायत की वास्तविक स्थिति की जांच करें और शिकायतकर्ता को संतुष्ट करते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें। डीएम ने कहा कि समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की प्राथमिकता है। वहीं, महिला अपराध से संबंधित शिकायतों की जांच प्राथमिकता के आधार पर करते हुए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी और एसएसपी ने मौजूद अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ ही शिकायतकर्ताओं को साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने लोगों को साइबर अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए अनजान लिंक पर क्लिक न करने, संदिग्ध कॉल या संदेश पर व्यक्तिगत एवं बैंक संबंधी जानकारी साझा न करने की सलाह दी। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल संबंधित माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. सुनील तेवतिया, सीओ रुपाली राव, एसडीएम डॉक्टर ललित मिश्रा, एसीएमओ अवनीश कुमार, कोतवाल दिनेश चंद्र बघेल, तहसीलदार, बीडीओ खतौली समेत पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।