पायनियर समाचार सेवा। जोशीमठ। सिखों के पवित्र धार्मिक स्थल श्री हेमकुंड साहिब में गुरुवार को सीजन की पहली बर्फबारी हुई। सुबह बारिश के साथ हुई बर्फबारी से हेमकुंड साहिब और आसपास की चोटियां सफेद चादर से ढक गईं। बर्फबारी के बाद यहां का प्राकृतिक सौंदर्य और भी मनमोहक हो गया, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया।
बर्फबारी के बीच श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
सीजन की पहली बर्फबारी के बीच बड़ी संख्या में सिख श्रद्धालु हेमकुंड साहिब पहुंचे। श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारे में मत्था टेककर अरदास की और बर्फबारी का आनंद लिया। श्रद्धालुओं का कहना था कि पवित्र धाम के दर्शन के साथ सीजन की पहली बर्फबारी देखने का अवसर उनके लिए यादगार अनुभव है। बर्फ से ढकी चोटियों और गुरुद्वारा परिसर का नजारा श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है।
रोजाना पहुंच रहे 1500 से 1800 श्रद्धालु
बरसात कम होने के बाद हेमकुंड साहिब की यात्रा ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। इन दिनों प्रतिदिन करीब 1500 से 1800 श्रद्धालु हेमकुंड साहिब पहुंच रहे हैं। हेमकुंड साहिब के साथ ही बड़ी संख्या में पर्यटक फूलों की घाटी का भी रुख कर रहे हैं। हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के मैनेजर सेवा सिंह ने बताया कि यात्रा सुगम और व्यवस्थित तरीके से चल रही है। उन्होंने बताया कि 16 सितंबर को 1,894 श्रद्धालुओं ने हेमकुंड साहिब में दर्शन किए। वहीं, 16 सितंबर तक कुल 3,26,828 श्रद्धालु हेमकुंड साहिब में मत्था टेक चुके हैं। श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है और यात्रा धीरे-धीरे फिर से रफ्तार पकड़ रही है।