मुख्य सामग्री पर जाएं
हिंदी संस्करण
पायनियर स्वतंत्र · निष्पक्ष · निर्भीक
अपराध

गर्भवती होने पर शादी से मुकरा डायल-112 का सिपाही, पीड़िता ने लगाया आरोप 

पायनियर समाचार सेवा लखनऊ।  फेसबुक पर शुरू हुई दोस्ती के बाद शादी का भरोसा देकर संबंध बनाने और महिला के गर्भवती होने पर शादी से मुकरने के आरोप ने डायल-112 में तैनात सिपाही को सवालों के घेरे में ला दिया है| महिला…

साझा करें WhatsAppFacebookX
गर्भवती होने पर शादी से मुकरा डायल-112 का सिपाही, पीड़िता ने लगाया आरोप 

पायनियर समाचार सेवा

लखनऊ।  फेसबुक पर शुरू हुई दोस्ती के बाद शादी का भरोसा देकर संबंध बनाने और महिला के गर्भवती होने पर शादी से मुकरने के आरोप ने डायल-112 में तैनात सिपाही को सवालों के घेरे में ला दिया है| महिला ने सिपाही शिशु सागर पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने, गर्भवती होने के बाद गर्भपात के लिए दबाव बनाने और मकान के नाम पर 15 लाख रुपए लेने के गंभीर आरोप लगाए हैं| महिला ने शिकायत पर कार्रवाई न करने और समझौते के लिए दबाव बनाए जाने के आरोप लगाकर बीकेटी थाने तथा महिला थाना द्वितीय की पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए हैं।

जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। महिला के मुताबिक, जून 2025 में फेसबुक के जरिए उसकी बातचीत सिपाही शिशु सागर से शुरू हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकी बढ़ी, महिला का आरोप है कि जुलाई में सिपाही ने उसे मुरादाबाद स्थित प्रेम चुनरिया होटल में मिलने बुलाया। वहां शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए इसके बाद सिपाही उसे लखनऊ ले आया और दोनों बीकेटी क्षेत्र में किराए के कमरे में रहने लगे। आरोप है कि गर्भावस्था की जानकारी होने के बाद सिपाही के तेवर बदल गए और उसने शादी करने से इनकार कर दिया इसके बाद उस पर गर्भपात कराने के लिए लगातार दबाव बनाया गया।

महिला ने बताया कि उसने एक सितंबर को बीकेटी थाने के प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत के बावजूद मामले में कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद गत 11 सितंबर को वह महिला थाना द्वितीय पहुंची, महिला का आरोप है कि वहां भी आरोपी सिपाही के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के बजाय उसे समझौते के लिए दबाव में लिया गया। रकम लेकर मामला खत्म करने और गर्भपात कराने की सलाह दिए जाने का भी उसने आरोप लगाया है।

महिला के मुताबिक, ऐसा नहीं करने पर उसके खिलाफ कार्रवाई किए जाने की बात भी कही गई। पीड़ित महिला ने उच्च अधिकारियो से आरोपी सिपाही के खिलाफ कानूनी कार्रवाई, पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच और अपनी शिकायत पर उचित कार्रवाई की मांग की, साथ ही बीकेटी थाने के प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह तथा महिला थाना द्वितीय की प्रभारी निरीक्षक मेनका सिंह की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की है।

पुलिस बोली-जांच के बाद होगी कार्रवाई

एडीसीपी उत्तरी नवीन कुमार सिंह ने बताया कि महिला की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।