मुख्य सामग्री पर जाएं
हिंदी संस्करण
पायनियर स्वतंत्र · निष्पक्ष · निर्भीक
अपराध

पिस्टल का रौब दिखाने के चक्कर में युवक की मौत

पायनियर समाचार सेवा लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र के महिपाल खेड़ा में मंगलवार देर रात एक युवक की अवैध पिस्टल से गोली लगने से मौत हो गई। युवक नशे में पत्नी के सामने हथियार का रौब दिखा रहा था, तभी हादसा हो…

साझा करें WhatsAppFacebookX
पिस्टल का रौब दिखाने के चक्कर में युवक की मौत

पायनियर समाचार सेवा

लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र के महिपाल खेड़ा में मंगलवार देर रात एक युवक की अवैध पिस्टल से गोली लगने से मौत हो गई। युवक नशे में पत्नी के सामने हथियार का रौब दिखा रहा था, तभी हादसा हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अवैध हथियार के स्रोत की जांच शुरू कर दी है। अर्जुनगंज स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-पाठ करने वाले 29 वर्षीय यसार्थ शरण यादव पुत्र शिव शरण यादव मंगलवार रात शराब के नशे में घर लौटे थे। परिजनों के अनुसार उस वक्त घर में पत्नी ज्योति जग रही थीं बाकी सभी लोग सो गए थे।

चचेरे भाई शिवा यादव के मुताबिक यसार्थ नशे को हालत में ही पत्नी से बातचीत कर रहा था इसी बीच कहने लगे कि आज बताता हूं भौकाल कैसे दिखाया जाता है। बताया जा रहा है कि वह उसी दिन कहीं से अवैध तमंचा/पिस्टल लेकर आया था। इसी दौरान पिस्टल को कनपटी पर सटाकर पत्नी को दिखाने लगा। इसी बीच उसकी मैगजीन नीचे गिर गई, लेकिन चैंबर में एक कारतूस फंसी रह गई। युवक कह रहा था कि मैगजीन निकल गई है कुछ नहीं होगा और उसने ट्रिगर दबा दिया। गोली सीधे कनपटी में लगी।

चीख सुनकर माता-पिता चाचा-चाची समेत सभी परिजन जाग गए। परिजन उसे आनन-फानन में सिविल हॉस्पिटल लेकर गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यसार्थ की शादी चार साल पहले निलमथा निवासी ज्योति सिंह यादव से हुई थी। सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस के अनुसार मृतक नशे की हालत में था। वह कहीं से अवैध पिस्टल लेकर आया था जिसे पत्नी को दिखा रहा था तभी मैगजीन गिर गई और चैंबर में फंसे राउंड से फायर हो गया। जांच के लिए फॉरेंसिक टीम/फील्ड यूनिट को बुलाया गया। मौके से अवैध पिस्टल व एक खोखा कारतूस बरामद कर कब्जे में लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।