-
अज्ञात के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर, एसपी क्राइम में सौंपी मामले की जांच।
पायनियर समाचार सेवा। हल्द्वानी। रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद कथित शुद्धिकरण के मामले में हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने पहली एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने अधिवक्ता अंजू की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति/व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शुद्धिकरण की घटना के जरिए जातिगत भेदभाव, सामाजिक अपमान तथा अनुसूचित जाति के व्यक्ति के प्रति घृणा और हीनता का भाव प्रदर्शित किया गया।
पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 196 और 299 तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(1)(आर) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। रामलीला मैदान में खड़गे की सभा के बाद कथित शुद्धिकरण को लेकर कांग्रेस लंबे समय से कार्रवाई की मांग कर रही थी। इसको लेकर कांग्रेस कार्यकतार्ओं ने प्रदर्शन भी किए थे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र को सौंपी गई है। जांच में घटना से जुड़े वीडियो और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल के साथ शुद्धिकरण कार्यक्रम में शामिल लोगों की पहचान की जाएगी। एफआईआर में फिलहाल किसी व्यक्ति का नाम दर्ज नहीं है। साक्ष्यों के आधार पर आगे कार्रवाई होगी।