-
अष्टधातु की चार मूर्तियां समेत घंटा, शिवलिंग, बर्तन और नकदी बरामद
पायनियर समाचार सेवा। देहरादून। राजपुर क्षेत्र के पुरुकुल रोड स्थित माता भरना देवी मंदिर में हुई चोरी का दून पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर मंदिर से चोरी की गई अष्टधातु की मूर्तियां, शिवलिंग, घंटा, पूजा सामग्री और नकदी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, दो आरोपियों ने पहले मंदिर की रैकी की और इसके बाद सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया था। चोरी का कुछ सामान उन्होंने एक कबाड़ी को बेच दिया था।
पुलिस के अनुसार, तीन सितंबर को भगवंतपुर निवासी पंकज जोशी ने राजपुर थाने में तहरीर देकर बताया था कि पुरुकुल रोड स्थित माता भरना देवी मंदिर से अज्ञात चोर अष्टधातु की मूर्तियां, घंटियां, दीपक, थाली, शिवलिंग और नकदी चोरी कर ले गए हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित कर तत्काल जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने मंदिर और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। आने-जाने वाले रास्तों पर संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाने के साथ ही स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। पूर्व में इस तरह की घटनाओं में सामने आए आरोपियों का भी सत्यापन किया गया। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे। चार सितंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने भंडार गांव, पुरुकुल रोड के पास से सिद्धार्थ थापा और अंकित भंडारी को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से मंदिर से चोरी किया गया सामान और नकदी बरामद हुई। पूछताछ में दोनों ने चोरी का कुछ सामान शत्रुघ्न नामक कबाड़ी को बेचने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने मंगल तिराहा, पुरुकुल रोड के जंगल के पास दबिश देकर शत्रुघ्न को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी का सामान बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, शत्रुघ्न की काठ बंगला क्षेत्र में कबाड़ी की दुकान है और उसने कथित तौर पर मुनाफे के लिए चोरी का सामान कम कीमत पर खरीदा था। पूछताछ में सिद्धार्थ और अंकित ने पुलिस को बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी की योजना बनाई थी। दोनों ने पहले मंदिर की रैकी की और मौका देखकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरी के कुछ सामान को बेचकर मिली रकम कथित तौर पर नशे में खर्च कर दी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अष्टधातु की चार मूर्तियां, एक घंटा, दो दीपक, तीन थालियां, एक तश्तरी, एक शिवलिंग और दो हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिद्धार्थ थापा (31) निवासी बापू नगर, जाखन, अंकित भंडारी (32) निवासी बापू नगर, जाखन और शत्रुघ्न (52) निवासी मूल रूप से दरभंगा, बिहार, हाल निवासी काठ बंगला, राजपुर के रूप में हुई है। पुलिस टीम में चौकी प्रभारी कुठाल गेट उपनिरीक्षक प्रवीण सैनी, कांस्टेबल सत्येंद्र और कांस्टेबल सुरेंद्र शामिल रहे। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मंदिर से चोरी गई अधिकांश सामग्री बरामद होने पर स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।