पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। मलिहाबाद थाना क्षेत्र के बिराहिमपुर गांव में बुधवार तड़के नहाने जा रही एक वृद्ध महिला को जहरीले सर्प ने डस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे मलिहाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बिराहिमपुर निवासी चंपा (60) पत्नी स्व. रामकुमार नहाने जा रही थीं। इसी दौरान वह घर के पास रखी अनाज की टंकी से साबुन उठाने लगीं। बताया जा रहा है कि टंकी पर पहले से बैठे जहरीले सर्प ने उनके हाथ में डस लिया।
कुछ ही देर में उनकी हालत बिगड़ने लगी। परिजनों को जानकारी होने पर उन्होंने आसपास तलाश की तो कुछ दूरी पर एक सर्प फुंफकार मारता दिखाई दिया। इससे परिजन घबरा गए। ग्रामीणों ने घंटों की मशक्कत के बाद सर्प को पकड़ लिया और इसकी सूचना वन विभाग को दी। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने सर्प को अपने कब्जे में ले लिया। महिला की हालत बिगड़ने पर परिजन पहले झाड़-फूंक कराने के लिए ले गए। हालत में सुधार न होने पर उन्हें मलिहाबाद सीएचसी लाया गया।
जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के तीन बेटे हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।