कन्नौसी नहर में दो युवकों के गिरने की सूचना से हड़कंप
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। मानक नगर थाना क्षेत्र के कन्नौसी पुल के नीचे शारदा नहर में दो युवकों के गिरने की सूचना से सोमवार रात हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची मानकनगर और कृष्णानगर पुलिस ने एसडीआरएफ टीम को बुलाकर नहर में सर्च अभियान शुरू कराया। लेकिन दो घंटे तक चले सर्च अभियान मे पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली और रात करीब 12:30 बजे अभियान रोक दिया गया। वहीं दूसरे दिन मंगलवार सुबह मानक नगर थाना प्रभारी अजीत सिंह ने दोबारा एसडीआरएफ टीम बुला ने नहर में रेस्क्यू अभियान शुरू कराया और एसडीआरएफ टीम संग खुद भी नहर मे गिरे युवकों को तलाशते रहे लेकिन कई घंटे तक नहर में तलाश के बावजूद कोई शव नहीं मिला।
करीब दो बजे रेस्क्यू अभियान समाप्त कर दिया गया। वहीं मानकनगर थाना प्रभारी अजीत सिंह ने बताया कि सोमवार रात करीब दस बजे नहर मे दो युवकों के गिरने की सूचना मिली थी जिसपर एसडीआरएफ टीम के साथ दो दिन तक लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया गया। लेकिन नहर से कोई शव बरामद नहीं हुआ है। अब नहर में शव होने की स्थिति में उसके फूलकर बाहर आने की आशंका के चलते पुलिस निगरानी कर रही है। शव मिलने पर विधिक कारवाई की जायेगी।