-
राज्यपाल से निष्पक्ष जांच की मांग।
पायनियर समाचार सेवा। देहरादून। हल्द्वानी में 8 अगस्त को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद हुए कथित ‘शुद्धिकरण यज्ञ’ को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर सवाल उठाए हैं। विधायक एवं चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस का आरोप है कि यदि किसी सार्वजनिक स्थल को किसी व्यक्ति की जाति के आधार पर ‘अशुद्ध’ बताकर उसका शुद्धिकरण किया गया, तो यह संविधान, सामाजिक न्याय और समानता की भावना के विरुद्ध गंभीर मामला है। पार्टी ने कहा कि राज्यसभा में इस मामले की जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बावजूद अब तक दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। ज्ञापन में राज्यपाल से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों की पहचान कर भारतीय न्याय संहिता एवं अन्य प्रासंगिक कानूनों के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा जातिगत भेदभाव और सामाजिक वैमनस्य फैलाने वाले कृत्यों पर रोक लगाने की मांग की गई। प्रीतम सिंह ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और यहां छुआछूत तथा जातिगत भेदभाव की मानसिकता के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी। ज्ञापन देने वालों में डॉ. हरक सिंह रावत, जोत सिंह गुनसोला, शूरवीर सिंह सजवान, नव प्रभात, मदन बिष्ट, विक्रम सिंह नेगी, मनोज रावत, राजकुमार, ज्योति रौतेला, गोदावरी थापली, मदनलाल, कर्नल राम रतन नेगी, आरेंद्र शर्मा, सूर्यकांत धस्माना और लालचंद शर्मा सहित कांग्रेस के कई नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।