मुख्य सामग्री पर जाएं
हिंदी संस्करण
पायनियर स्वतंत्र · निष्पक्ष · निर्भीक
उत्तराखंड

वेंडिंग कार्ट के दुरुपयोग पर होगी सख्त कार्रवाई : मेयर

स्वच्छता और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। पायनियर समाचार सेवा। ऋषिकेश। नगर निगम ऋषिकेश में महापौर शम्भू पासवान की अध्यक्षता में सोमवार को टाउन वेंडिंग कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में शहर की वेंडिंग…

साझा करें WhatsAppFacebookX
वेंडिंग कार्ट के दुरुपयोग पर होगी सख्त कार्रवाई : मेयर
  • स्वच्छता और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

पायनियर समाचार सेवा। ऋषिकेश। नगर निगम ऋषिकेश में महापौर शम्भू पासवान की अध्यक्षता में सोमवार को टाउन वेंडिंग कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में शहर की वेंडिंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने, स्ट्रीट वेंडरों के नियमन, वेंडिंग जोन के संचालन तथा आगामी कुंभ मेले के मद्देनजर स्वच्छता और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। महापौर ने स्पष्ट किया कि वेंडिंग कार्ट का लाभ केवल वास्तविक, पात्र और जरूरतमंद स्ट्रीट वेंडरों को ही दिया जाएगा। आवंटित कार्ट को बेचने, किसी अन्य व्यक्ति को हस्तांतरित करने या किराये पर देने की शिकायत सही पाए जाने पर आवंटन तत्काल निरस्त किया जाएगा। ऐसे वेंडर को भविष्य में दोबारा वेंडिंग कार्ट आवंटित नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति के नाम पर कार्ट स्वीकृत है, उसी को उसका संचालन करना होगा। कार्ट का उपयोग स्वीकृत व्यवसाय के लिए ही किया जा सकेगा। नियमों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

सड़क पर ठेला छोड़ने पर भी होगी कार्रवाई

बैठक में यातायात व्यवस्था को लेकर भी सख्ती बरतने का निर्णय लिया गया। कोई भी वेंडर कारोबार समाप्त होने के बाद अपना ठेला सड़क पर अथवा सड़क किनारे बांधकर नहीं रख सकेगा। इससे यातायात बाधित होने या सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण की स्थिति बनने पर संबंधित वेंडर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बिना वैध ट्रेड लाइसेंस के व्यवसाय करने की अनुमति भी नहीं होगी।

महिला स्वयं सहायता समूहों को मिलेगा प्रोत्साहन

टाउन वेंडिंग कमेटी ने महिला स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया। वेंडिंग कार्ट के संचालन में महिला समूहों को सहयोग और प्राथमिकता देने पर विचार किया गया, जिससे स्थानीय महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर मिल सकें और वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें।

कुंभ को लेकर वेंडिंग व्यवस्था पर जोर

आगामी कुंभ मेले को देखते हुए नगर की स्वच्छता, सुंदरता, यातायात और सार्वजनिक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए सभी वेंडरों से नगर निगम एवं प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई। महापौर ने कहा कि ऋषिकेश अंतरराष्ट्रीय पर्यटन और आध्यात्मिक नगरी है। कुंभ के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए वेंडिंग व्यवस्था को स्वच्छ, अनुशासित और व्यवस्थित रखना प्राथमिकता है।

ठेले का 20 और कार्ट का 50 दैनिक शुल्क

बैठक में वेंडरों से लिए जाने वाले दैनिक शुल्क की दरें भी निर्धारित की गईं। ठेले के लिए 20 प्रतिदिन और वेंडिंग कार्ट के लिए 50 प्रतिदिन शुल्क तय किया गया। महापौर शम्भू पासवान ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य किसी वेंडर की आजीविका प्रभावित करना नहीं है। लक्ष्य स्ट्रीट वेंडरों को व्यवस्थित स्थान और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ यातायात, स्वच्छता और सार्वजनिक हित के बीच संतुलन कायम करना है। बैठक में नगर आयुक्त विजय नाथ शुक्ल, सहायक नगर आयुक्त चन्द्रकान्त भट्ट, अधिशासी अभियंता अनिल नेगी, सिटी मिशन मैनेजर वरुण मल्होत्रा, यातायात निरीक्षक प्रदीप कुमार, कर निरीक्षक यशवीर सिंह, नामित चिकित्सा प्रतिनिधि बी.पी. भट्ट समेत स्वयं सहायता समूहों और वेंडर प्रतिनिधियों ने भाग लिया।