मुख्य सामग्री पर जाएं
हिंदी संस्करण
पायनियर स्वतंत्र · निष्पक्ष · निर्भीक
खेल

कार्तिक त्यागी के कहर से मेरठ मावेरिक्स की लगातार चौथी जीत, अंकतालिका में शीर्ष पर

मेरठ मावेरिक्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के 11 वें मैच में नोएडा किंग्स को डीएलएस पद्धति से 23 रन से हराया लखनऊ, पायनियर। मैन ऑफ द मैच तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी की धारदार और मैच जिताऊ गेंदबाजी की बदौलत मेरठ मावेरिक्स…

साझा करें WhatsAppFacebookX
कार्तिक त्यागी के कहर से मेरठ मावेरिक्स की लगातार चौथी जीत, अंकतालिका में शीर्ष पर
कार्तिक त्यागी के कहर से मेरठ मावेरिक्स की लगातार चौथी जीत, अंकतालिका में शीर्ष पर
  • मेरठ मावेरिक्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के 11 वें मैच में नोएडा किंग्स को डीएलएस पद्धति से 23 रन से हराया

लखनऊ, पायनियर। मैन ऑफ द मैच तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी की धारदार और मैच जिताऊ गेंदबाजी की बदौलत मेरठ मावेरिक्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के 11 वें मैच में नोएडा किंग्स को डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (डीएलएस) पद्धति से 23 रन से हराया। इस जीत के साथ मेरठ मावेरिक्स ने लगातार चौथी जीत दर्ज की और आठ अंक के साथ अपना अजेय अभियान जारी रखते हुए अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया है। मेरठ अब तक लीग में एक भी मैच नहीं हारा है।

भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में शुक्रवार को खेले गए पहले मुकाबले में मेरठ मावेरिक्स के कप्तान रिंकू सिंह ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन टीम की शुरूआत बेहद खराब रही। नोएडा किंग्स के गेंदबाजों ने शुरूआत से ही मेरठ पर दबाव बना दिया।कुणाल त्यागी ने पहले ही ओवर में लगातार दो गेंदों पर स्वास्तिक चिकारा (1) और ऋतुराज शर्मा (0) को आउट कर मेरठ को करारा झटका दिया। मेरठ ने पावरप्ले में ही चार विकेट गंवा दिए और सात ओवर के अंदर टीम पांच विकेट पर 35 रन बनाकर संघर्ष करने को मजबूर हो गई। दिव्यांश राजपूत 9 रन बनाकर कुणाल त्यागी की गेंद पर कार्तिक त्यागी को कैच दे बैठे, जबकि दिव्यांश जोशी भी चार रन बनाकर प्रशांत वीर की गेंद पर कार्तिक त्यागी के हाथों कैच आउट हुए। इसी बीच पिछले मैच में जीत के नायक कप्तान रिंकू सिंह दो रन ही बनाकर पगबाधा आउट हो गए।

हालांकि दूसरे सलामी बल्लेबाज अक्षय दुबे ने एक छोर संभालते हुए मेरठ की पारी को कुछ हद तक संभाला। उन्होंने 41 गेंदों पर 6 चौके व एक छक्के की मदद से सर्वाधिक 43 रन की पारी खेली। वहीं दूसरे छोर पर नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। संदीप तोमर 14 रन और यश गर्ग 16 रन बनाकर पवेलियन लौटे। हालांकि अक्षय के संघर्ष के बावजूद मेरठ मावेरिक्स की पूरी टीम 19.3 ओवर में 116 रन पर आॅलआउट हो गई।नोएडा किंग्स की ओर से कुणाल त्यागी सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 ओवर में 16 रन देकर चार विकेट हासिल किए। प्रशांत वीर ने 4 ओवर में 17 रन देकर तीन विकेट झटके। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी नोएडा किंग्स की शुरूआत भी अच्छी नहीं रही। छोटे लक्ष्य का बचाव करने के लिए मेरठ मावेरिक्स को शानदार गेंदबाजी की जरूरत थी और कार्तिक त्यागी ने अपनी तेज रफ्तार गेंदबाजी से टीम की उम्मीदों को हकीकत में बदल दिया। नोएडा ने पावरप्ले में चार विकेट गंवा दिए।

टीम ने पहले ओवर की ही दूसरी गेंद पर शिवा सिंह (4) का विकेट गंवा दिया। उनका विकेट विशाल चौधरी ने लिया। इसके बाद कार्तिक त्यागी ने मोर्चा संभाला। उन्होंने अपनी तेज रफ्तार और सटीक गेंदबाजी से नोएडा के बल्लेबाजों को लगातार दबाव में रखा। उन्होंने दूसरे ओवर की तीसरी गेंद पर शौर्य सिंह (1) को आउट करने के बाद अगली ही गेंद पर आदित्य शर्मा (0) को एलबीडब्ल्यू किया। इस दौरान उनकी गेंदों की रफ्तार 149 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंची। कार्तिक त्यागी ने इसके बाद भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा और चौथे ओवर की पहली गेंद पर माधव कौशिक (6) को संदीप तोमर के हाथों कैच कराकर पवेलियन भेज दिया। कार्तिक के शानदार स्पेल के बाद जीशान अंसारी और यश गर्ग ने भी दबाव का फायदा उठाया।

बॉबी यादव ने 19 गेंदों पर एक चौके की मदद से 10 रन बनाए, लेकिन आठवें ओवर में जीशान अंसारी की गेंद पर विकेटकीपर अक्षय दुबे को कैच दे बैठे। इसके बाद रवि सिंह ने 26 गेंदों पर एक चौके और एक छक्के की मदद से 21 रन बनाए, लेकिन 10.2 ओवर में यश गर्ग की गेंद पर विकेटकीपर अक्षय दुबे को कैच दे बैठे। इसके चलते 10.2 ओवर के बाद नोएडा का स्कोर छह विकेट पर 51 रन था। इसी दौरान तेज बारिश ने मैच में खलल डाल दिया। बारिश लगातार जारी रहने के कारण मुकाबला दोबारा शुरू नहीं हो सका। उस समय डीएलएस के अनुसार नोएडा किंग्स का पार स्कोर 74 रन था। नोएडा की टीम 51 रन पर थी, यानी वह पार स्कोर से 23 रन पीछे थी। अंतत: मैच दोबारा शुरू नहीं हो सका और मेरठ मावेरिक्स ने डीएलएस पद्धति से 23 रन से जीत दर्ज की। कार्तिक त्यागी को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर आॅफ द मैच चुना गया। उन्होंने तीन ओवर में 12 रन देकर तीन विकेट हासिल किए।