पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व जिला कारागार लखनऊ में शुक्रवार सुबह देशभक्ति का अनोखा नजारा देखने को मिला। वरिष्ठ अधीक्षक आरके जायसवाल के नेतृत्व में कारागार परिसर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। सुबह आठ बजे शुरू हुई इस यात्रा में जेल प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में बंदियों ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।तिरंगा यात्रा जैसे-जैसे कारागार के विभिन्न चक्रों से होकर आगे बढ़ी, वैसे-वैसे पूरे परिसर का माहौल देशभक्ति से सराबोर हो गया। द्वितीय द्वार से शुरू हुई यात्रा गिरदा प्रांगण होते हुए चक्र संख्या-पांच, तीन, दो, एक, चार और महिला परिसर से होकर मुख्य द्वार तक पहुंची। यात्रा के दौरान विभिन्न चक्रों में मौजूद बंदियों ने तिरंगा यात्रा पर फूल बरसाकर उसका स्वागत किया।
इस दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जोरदार उद्घोष से पूरा कारागार परिसर गूंज उठा। तिरंगे के सम्मान में अधिकारियों, कर्मचारियों और बंदियों की सहभागिता ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया। यात्रा के समापन के बाद वरिष्ठ अधीक्षक आरके जायसवाल ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत अपने-अपने घरों पर तिरंगा झंडा फहराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जेलर ऋत्विक प्रियदर्शी, सुनील दत्त मिश्र, अभय कुमार शुक्ल, समस्त डिप्टी जेलर, बंदीरक्षक और बंदीगण मौजूद रहे। जिला कारागार में आयोजित इस तिरंगा यात्रा ने स्वतंत्रता दिवस से पहले पूरे परिसर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। जेलर ऋतिक प्रियदर्शी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जिला कारागार में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान पूरा परिसर ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठा। अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ-साथ बंदियों में भी तिरंगा यात्रा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला, बंदियों ने तिरंगा यात्रा के दौरान बंदियों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
जेल प्रशासन की ओर से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत लोगों अन्य लोगो को भी अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए भी प्रेरित किया गया। जेलर ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर नागरिक को राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ इसमें सहभागिता करनी चाहिए।