न्यूयॉर्क। अमेरिका में न्यूयॉर्क के बंदरगाह क्षेत्र में एक नौका के पलट जाने से उसमें सवार एक महिला और उसकी पांच महीने की बेटी की मौत हो गई। नौका चलाने वाले व्यक्ति के खिलाफ आपराधिक आरोप लगाए गए हैं। अमेरिकी तटरक्षक बल ने रविवार को बताया कि अधिकारी इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि कहीं यह नाव अवैध रूप से किराये पर यात्रियों को लाने-ले जाने के लिए तो इस्तेमाल नहीं की जा रही थी। अमेरिकी तटरक्षक बल के मुताबिक, 22 फुट लंबी ‘बेलाइनर स्पीडबोट’ शनिवार रात करीब 10:25 बजे ‘स्टैच्यू आॅफ लिबर्टी’ के लिए प्रसिद्ध लिबर्टी द्वीप के पास पलट गई। अधिकारियों ने बताया fd पुलिस के पहुंचने से पहले 12 लोगों को पानी से सुरक्षित निकाल लिया गया था।
इसके बाद पुलिस के गोताखोरों ने 27 वर्षीय महिला और पांच महीने की उसकी बच्ची को पानी में से खोज निकाला। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। तटरक्षक बल के अनुसार, बाकी लोगों की हालत स्थिर थी। अमेरिकी तटरक्षक बल के न्यूयॉर्क सेक्टर के कमांडर कैप्टन डोरीन मैकार्थी ने कहा पिछली रात हुई इस घटना में लोगों की जान जाने से हमें बेहद दुख हुआ है। इस बेहद कठिन समय में हमारी संवेदनाएं पीड़ितों के परिवार और उनके प्रियजनों के साथ हैं। हम अपनी सहयोगी एजेंसियों और उस मददगार नाव के बेहद आभारी हैं, जिसने तेजी से और बहादुरी से कार्रवाई करते हुए पानी से लोगों को निकालने में मदद की।