हमीरपुर में रोडवेज बस और डीजल टैंकर की टक्कर में तीन लोगों की मौत, 25 घायल

हमीरपुर। हमीरपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर बुधवार शाम रोडवेज बस और डीजल टैंकर की आमने सामने की टक्कर में बस चालक और टैंकर चालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में बस में सवार 21 यात्री और एक कार में सवार चार लोग घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर बुधवार की शाम सुमेरपुर थाना क्षेत्र के गांव कुंडारा में महोबा डिपो की बस हमीरपुर से महोबा जा रही थी। वह सामने से आ रहे डीजल टैंकर से टकरा गयी।
पुलिस ने कहा कि यह टक्कर इतनी भीषण थी की रोडवेज बस और टैंकर के चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

दोनों शवों को कटर से काट कर बाहर निकाला गया। दुर्घटना में बस में सवार 22 यात्री घायल हो गए जिसमें से एक यात्री की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। पुलिस ने बताया कि शेष घायलों का जिला अस्पताल मे इलाज चल रहा है। उसने बताया कि टक्कर के बाद बस पास में खड़ी कार से टकरा गयी जिससे कार में सवार चार लोग भी घायल हो गए। थाना प्रभारी पवन पटेल ने बताया की शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया की गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए कानपुर भेजा जा रहा है।

Chief Sub-editor Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *