गोला:गोपालपुर- चीनी मिल- दशवतपुर मार्ग बदहाल, गड्ढों से राहगीर परेशान

गोला,गोरखपुर।गोला क्षेत्र का गोपालपुर-चीनी मिल-दशवतपुर मार्ग बदहाल हो गया है। सड़क कई स्थानों पर उखड़कर गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिसको लेकर ग्रामीणों के द्वारा उच्चाधिकारियों से शिकायत भी किया जा चुका है।मार्ग पर रोजाना सैकड़ों ग्रामीण, छात्र-छात्राएं, किसान और छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं, लेकिन जर्जर सड़क के कारण लोगों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार दोपहिया वाहन चालक गड्ढों में फंसकर गिर चुके हैं, जबकि बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका और बढ़ जाती है। ग्रामीणों के अनुसार ग्राम कोहड़ी बुजुर्ग के सामने तथा विशुनपुर समिति के पहले सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो चुका है। कई जगह सड़क की गिट्टी उखड़ गई है और मिट्टी भर जाने से दोपहिया व चारपहिया वाहनों का आवागमन मुश्किल हो गया है। यह मार्ग क्षेत्र का प्रमुख संपर्क मार्ग है, लेकिन लंबे समय से मरम्मत न होने के कारण लोगों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़क की तत्काल मरम्मत कराकर आवागमन सुचारु कराने की मांग की है।

उपजिलाधिकारी को पत्रक देकर उठाई मरम्मत की मांग
अधिवक्ता रामलखन राय एवं भारतेंदु दुबे ने उपजिलाधिकारी गोला को पत्रक सौंपकर गोपालपुर-चीनी मिल-दशवतपुर मार्ग की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। पत्रक में कहा गया है कि सड़क की जर्जर स्थिति के कारण आम लोगों का आवागमन बेहद कठिन हो गया है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के माध्यम से सड़क की शीघ्र मरम्मत कराकर सुरक्षित और सुगम यातायात सुनिश्चित कराने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो दुर्घटनाओं की आशंका और बढ़ जाएगी।

रश्मि सिंह मास कम्युनिकेशन में स्नातकोत्तर हैं और मीडिया एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में व्यापक अनुभव रखती हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ग्राउंड रिपोर्टिंग और कंटेंट लेखन से की तथा समय के साथ देश के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों और समाचार चैनलों में कार्य किया। राजनीति, समसामयिक घटनाक्रम, उत्तर प्रदेश की खबरों, सामाजिक मुद्दों और मनोरंजन जगत की रिपोर्टिंग एवं विश्लेषण में उन्हें विशेष अनुभव प्राप्त है। डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया दोनों क्षेत्रों में काम करते हुए उन्होंने तथ्यपरक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता को अपनी पहचान बनाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *