केवाईसी नहीं कराने वाले गैस उपभोक्ताओं पर तेल कंपनियां बरतेंगी सख्ती
कामर्शियल सिलेंडर के दाम पर मिलेगा घरेलू गैस सिलेंडर
पायनियर संवाददाता। गोरखपुर
तेल कंपनियों ने केवाईसी को लेकर लापरवाही बरतने वाले उपभोक्ताओं पर सख्ती का निर्णय लिया है। 15 अगस्त तक केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलेंडर के लिए लगभग दुगनी कीमत अदा करनी होगी। इसके लिए उन्हें कामर्शियल सिलेंडर का दाम चुकाना होगा। तेल कंपनियां गैस उपभोक्ताओं के सत्यापन के लिए समय-समय पर केवाईसी की प्रक्रिया अपनाती रहीं है। हाल में अमेरिका और ईरान के बीच जंग के कारण देश में एलपीजी आपूर्ति पर खासा असर पड़ा था। पैनिक बुकिंग के कारण देश के तकरीबन हर हिस्से में रसोई गैस का संकट उत्पन्न हो गया था।
इस दौरान यह भी पाया गया कि अभी भी बहुत सारे घरों में या एक ही नाम से एक से अधिक कनेक्शन धड़ल्ले से चल रहे हैं। तेल कंपनियों ने इसके बाद केवाईसी को लेकर सख्ती बरतनी शुरू कर दी। गैस एजेंसियों को हर उपभोक्ता का केवाईसी करने को कहा गया। इसके बावजूद अभी भी बड़ी संख्या में ऐसे उपभोक्ता हैं जिन्होंने केवाईसी नहीं कराई है। तेल कंपनियों ने अब इसको लेकर और सख्ती बरतने का निर्णय लिया है। अभी तक केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को 15 अगस्त तक की मोहलत दी गयी है।
इसके बाद ऐसे उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलेंडर के लिए दो गुना अधिक दाम चुकाना होगा। उन्हें घरेलू सिलेंडर कामर्शियल सिलेंडर के दाम पर मिलेगा। शुक्ला गैस एजेंसी के प्रोपराइटर विनय शुक्ल के मुताबिक केवाईसी को लेकर कंपनी बेहद सख्त है। 15 अगस्त तक सभी उपभोक्ताओं को केवाईसी करानी जरूरी है। केवाईसी नहीं कराने पर सिलेंडर की डिलेवरी पर रोक तो नहीं लगेगी लेकिन ऐसे उपभोक्ताओं को कामर्शियल सिलेंडर के दाम पर ही घरेलू गैस सिलेंडर मिलेगा।










