न्याय की मांग को लेकर सपा सक्रिय, सोमवार को पीड़ित परिवार से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल

पीलीभीत। बीसलपुर नगर पालिका के बर्खास्त कर्मचारी उपेंद्र शंखधार की आत्महत्या के मामले में राजनीतिक दलों की सक्रियता लगातार बढ़ती जा रही है। कांग्रेस और राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल के बाद अब समाजवादी पार्टी ने भी पीड़ित परिवार के साथ खड़े होने का ऐलान किया है। सोमवार को सपा का एक प्रतिनिधिमंडल सपा जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा के नेतृत्व में मृतक के परिजनों से मुलाकात करेगा।

सपा जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा ने बताया कि पार्टी इस दुख की घड़ी में पहले से पीड़ित परिवार के साथ मजबूती के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि परिवार को न्याय दिलाने के लिए समाजवादी पार्टी हर स्तर पर संघर्ष करेगी। यदि जांच में कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ निष्पक्ष और कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

उधर, जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह द्वारा गठित तीन सदस्यीय जांच समिति मामले की जांच में जुटी हुई है। समिति कथित सुसाइड नोट, विभागीय अभिलेख, बैंक लेनदेन और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के बयानों सहित सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

वहीं मृतक के भाई अनुराग शर्मा की तहरीर पर बीसलपुर कोतवाली में ईओ शमशेर सिंह, चेयरमैन प्रतिनिधि अमन जायसवाल उर्फ निक्की, लिपिक मोहम्मद यासीन, अकरम खां और अकाउंटेंट संजीव मिश्रा के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था । पुलिस का कहना है कि विवेचना निष्पक्ष ढंग से की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट-अदनान खान

रश्मि सिंह मास कम्युनिकेशन में स्नातकोत्तर हैं और मीडिया एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में व्यापक अनुभव रखती हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ग्राउंड रिपोर्टिंग और कंटेंट लेखन से की तथा समय के साथ देश के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों और समाचार चैनलों में कार्य किया। राजनीति, समसामयिक घटनाक्रम, उत्तर प्रदेश की खबरों, सामाजिक मुद्दों और मनोरंजन जगत की रिपोर्टिंग एवं विश्लेषण में उन्हें विशेष अनुभव प्राप्त है। डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया दोनों क्षेत्रों में काम करते हुए उन्होंने तथ्यपरक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता को अपनी पहचान बनाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *