ऑटो में बैठाकर राहगीरों को लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश, एक गिरफ्तार

दो नाबालिग हिरासत में मड़ियांव पुलिस ने लूटा गया मोबाइल, नकदी और वारदात में प्रयुक्त ई-रिक्शा बरामद किया

सुनसान गलियों में ले जाकर देते थे वारदात को अंजाम

पायनियर समाचार सेवा

लखनऊ। मड़ियांव थाना पुलिस ने ऑटो ई-रिक्शा में बैठाकर राहगीरों से लूट और चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो नाबालिग किशोरों को संरक्षण में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गये दो मोबाइल, 3,100 रुपए नकद तथा वारदात में प्रयुक्त ई-रिक्शा बरामद किया गया है। इंसपेक्टर मड़ियांव के अनुसार बाराबंकी के 33/11 केवी सुबेहा विद्युत उपकेंद्र में तैनात अवर अभियंता अश्विनी कुमार वर्मा ने मड़ियांव थाने में तहरीर देकर बताया था कि गत 14 जुलाई की रात वह अपने बीमार बेटे को देखने बाराबंकी से लखनऊ लौट रहे थे।

मड़ियांव से प्रधान मैरिज लॉन जाने के लिए उन्होंने एक ऑटो लिया, जिसमें पहले से चार लोग सवार थे। रास्ते में चालक ने ऑटो को मधुवन विहार कॉलोनी की सुनसान गलियों की ओर मोड़ दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने उनका मुंह दबाकर जान से मारने की धमकी दी और जेब से दो मोबाइल फोन तथा 20 हजार रुपए लूट लिए। घटना के बाद पीड़ित ने डायल-112 पर सूचना दी थी। घटना के खुलासे के लिए सक्रिय हुई मड़ियांव पुलिस ने 16 जुलाई को भिटौली तिराहे के पास मुखबिर की सूचना पर आईआईएम रोड सर्विस लेन में घेराबंदी कर एक संदिग्ध ऑटो को पकड़ा।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे राहगीरों को ऑटो में बैठाकर सुनसान स्थानों पर ले जाते थे और डराकर उनके मोबाइल व नकदी लूट लेते थे। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुमित शर्मा (21) निवासी हरिओम नगर, मड़ियांव के रूप में हुई है। उसके साथ दो 15 वर्षीय किशोरों को भी संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया ओप्पो मोबाइल, चोरी का रियलमी मोबाइल, 3,100 रुपए नकद और वारदात में प्रयुक्त ई-रिक्शा बरामद किया है। मड़ियांव थाना प्रभारी शिवानंद मिश्रा ने बताया कि सुमित शर्मा के खिलाफ पहले से भी मड़ियांव थाने में आपराधिक मुकदमा दर्ज है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा गिरोह से जुड़ी अन्य घटनाओं और आपराधिक इतिहास की जांच जारी है।

Crime Reporter Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *