लखनऊ। गोमती नगर स्थित स्कॉलर्स होम स्कूल में सीआईएससीई जोनल कराटे प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में लखनऊ के विभिन्न क्षेत्रों के 14 प्रतिष्ठित विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में अपने कराटे कौशल का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ मुकाबलों में हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता के समापन पर विजेताओं को सम्मानित किया गया। मेजबान स्कॉलर्स होम स्कूल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई स्वर्ण पदक अपने नाम किए। वहीं सिटी मॉन्टेसरी स्कूल, लखनऊ पब्लिक कॉलेज सहित अन्य विद्यालयों के प्रतिभागियों ने भी विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पुरस्कार हासिल किए।
स्कूल की डायरेक्टर सरिता जायसवाल ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। प्रधानाचार्या अनुपम सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की।










