पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा संचालित एक पेड़ माँ के नाम वृक्षारोपण अभियान को विकास खंड गोसाईगंज की ग्राम सभा रहमतनगर में गंभीर झटका लगा है। सोमवार को गांव में रोपण के लिए भेजे गए 100 से अधिक पौधे कूड़े के ढेर पर पड़े मिले, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी और चर्चा का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि सरकारी खर्च से भेजे गए पौधों का समय पर रोपण कराने के बजाय उन्हें लावारिस हालत में कूड़े के ढेर पर फेंक दिया गया। लोगों का कहना है कि यदि इन पौधों का सही तरीके से रोपण कराया जाता तो अभियान का उद्देश्य पूरा होता, लेकिन जिम्मेदारों की उदासीनता के कारण पौधे नष्ट होने की कगार पर पहुंच गए।

स्थानीय लोगों ने ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उनकी लापरवाही के चलते सरकारी योजना की मंशा पर पानी फिरता दिखाई दे रहा है। वहीं, विपक्षी दलों ने भी इस मामले को सरकारी धन के दुरुपयोग और अभियान की अनदेखी का उदाहरण बताते हुए जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में जब खंड विकास अधिकारी, गोसाईगंज हनुमान प्रसाद वर्मा से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने पूरे प्रकरण की जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अब यह देखना होगा कि जांच के बाद जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है और क्या एक पेड़ माँ के नाम अभियान की गरिमा बनाए रखने के लिए प्रशासन ठोस कदम उठाता है।










