गोण्डा। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में आयोजित दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में विदेश राज्यमंत्री व गोण्डा सांसद कीर्तिवर्धन सिंह ने अयोध्या के श्रीराम मंदिर दान पात्र से जुड़ी अनियमितताओं और चंदा चोरी मामले पर कहा कि इसमें जो भी दोषी होगा, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि जो लोग चंदे की चोरी करते हैं, वे चोर व डकैत हैं। करोड़ों लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ करने से बड़ा पाप कोई और नहीं हो सकता। ऐसे लोगों का न तो कोई धर्म है और न ही कोई सामाजिक सरोकार। वहीं विपक्ष के इस आरोप पर कि बड़ी मछलियों को बचाया जा रहा है, पर केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री ने कहा कि जांच पूरी निष्पक्षता से हो रही है, जांच पूरी होने दीजिए। इस मामले में कोई भी छोटी या बड़ी मछली बचेगी नहीं। जो भी व्यक्ति इस मामले में संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई जरूर होगी। मामले में सभी से पूछताछ की जा रही है। वहीं चंपत राय पर लग रहे आरोपों के सवाल पर उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के बारे में अभी निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि किसकी क्या भूमिका थी। उन्होंने कहा कि जहां-जहां चूक हुई है, उसकी जांच की जा रही है और मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। विदेश राज्यमंत्री ने कहा कि यदि व्यवस्था में कोई कमी नहीं होती तो इतनी बड़ी घटना नहीं होती। अब पूरी व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।
हेमन्त पाठक
पायनियर गोण्डा










