लखनऊ। उन्नद टेनिस अकादमी में चल रही एआईटीए टैलेंट सीरीज अंडर-12 टेनिस प्रतियोगिता में गुरुवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों के बाद फाइनलिस्ट तय हो गए। खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए खिताबी मुकाबले में जगह बनाई।
गर्ल्स अंडर-12 वर्ग के पहले सेमीफाइनल में शीर्ष वरीयता प्राप्त अन्वेशा सिंह ने सिया सिंह को 6-4, 3-6, 10-8 से हराया। मुकाबला काफी रोमांचक रहा और सुपर टाई-ब्रेक में अन्वेशा ने जीत दर्ज की। दूसरे सेमीफाइनल में अन्या ने दूसरी वरीय रायसा सिंह को 6-4, 6-3 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।
बॉयज़ वर्ग के पहले सेमीफाइनल में शीर्ष वरीय मोहम्मद हमदान ने प्रणय शुक्ला को 6-7(7), 6-3, 10-3 से मात दी। पहला सेट गंवाने के बाद हमदान ने जोरदार वापसी की। दूसरे सेमीफाइनल में अस्विक श्रीवास्तव ने शिवांश को 7-6(6), 6-3 से हराकर फाइनल का टिकट कटाया।
वहीं बॉयज़ अंडर-12 डबल्स फाइनल में मोहम्मद हमदान और अर्नव श्रीवास्तव की जोड़ी ने रुद्र चौरसिया और शिवांश की जोड़ी को 1-6, 6-0, 13-11 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला शुक्रवार को खेला जाएगा।










