पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। महिंगवा थाना क्षेत्र के दरियापुर चौराहे के पास सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। रविवार दोपहर करीब ढाई बजे उसका शव सड़क किनारे खाई में पड़ा मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार,मृतक की पहचान कुम्हरावा निवासी 35 वर्षीय राहुल मिश्रा के रूप में हुई है,जो अविवाहित थे और खेती-किसानी का कार्य करते थे। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि शनिवार रात वह घर से निकले थे और देर रात बख्शी का तालाब-कुम्हरावा मार्ग पर दरियापुर चौराहे के पास किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए।

हादसा इतना गंभीर था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। रविवार राहगीरों की नजर सड़क किनारे खाई में पड़े शव पर पड़ी,जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही महिंगवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी महिंगवा राधेश्याम मौर्य ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी।घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।










