सीतापुर। 21 जून को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर पूरा सीतापुर योगमय नजर आएगा। इस बार योग दिवस केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि “स्वस्थ शरीर-सशक्त समाज” के संदेश के साथ जनआंदोलन का रूप लेता दिखाई देगा। जिला प्रशासन, आयुष विभाग और पंचायतों के संयुक्त प्रयास से शहर से गांव तक हजारों लोग एक साथ योग की साधना करेंगे। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. तृप्ति आर. सिंह ने बताया कि मुख्य समारोह पुलिस लाइन स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल ओपन हॉल में आयोजित होगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही, नोडल अधिकारी पी. गुरु प्रसाद, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला करेंगे, जबकि नैमिषारण्य में सांसद अशोक रावत और विधायक रामकृष्ण भार्गव की मौजूदगी में योग कार्यक्रम संपन्न होगा। जनपद की सभी सात तहसीलों और 19 विकास खंडों में योग प्रशिक्षकों की तैनाती की गई है। महावीर पार्क और सरोजनी वाटिका पार्क में भी सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा। वहीं ग्राम पंचायतों तक योग पहुंचाने के लिए खंड विकास अधिकारियों और ग्राम प्रधानों को विशेष निर्देश दिए गए हैं। सुबह की खुली हवा में जब हजारों लोग एक साथ प्राणायाम और योगासन करेंगे, तब सीतापुर केवल योग दिवस नहीं मनाएगा, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली की नई शुरुआत का संदेश भी देगा।
योगः सिर्फ आसन नहीं, जीवन को संतुलित करने की कला…
सीतापुर। भागदौड़ भरी जिंदगी में योग आज केवल व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक शांति और स्वस्थ जीवन का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है। विशेषज्ञों के अनुसार नियमित योग करने से तनाव कम होता है, शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और मन सकारात्मक बना रहता है। खास बात यह है कि योग किसी उम्र या वर्ग का मोहताज नहीं है। बच्चे, युवा, बुजुर्ग और महिलाएं सभी इसे आसानी से अपना सकते हैं। सीतापुर में इस बार योग दिवस को जनआंदोलन का रूप देने की तैयारी है। गांवों से लेकर शहर के पार्कों तक सामूहिक योगाभ्यास लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करेगा। प्रशासन का मानना है कि यदि लोग रोजाना कुछ मिनट योग को दें, तो कई बीमारियों से बचाव संभव है। यही संदेश 21 जून को जिलेभर में एक साथ गूंजेगा कृ करो योग, रहो निरोग।










