युवक ने फंदे से लटक कर दी जान, बहनोई ने प्रताड़ना का लगाया आरोप

पायनियर समाचार सेवा

लखनऊ। मड़ियांव थाना क्षेत्र के कसाई बाड़ा इलाके में बुधवार देर रात एक युवक ने फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। मृतक चार पहिया वाहन चालक था। परिजनों ने पत्नी पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस के अनुसार, मड़ियांव स्थित कसाई बाड़ा निवासी शोएब सिद्दीकी (28) पेशे से चालक थे। उनके बहनोई साहिल ने बताया कि शोएब की पहली पत्नी की बीमारी के चलते दो वर्ष पूर्व मौत हो गई थी, जिससे उनकी एक बेटी उमैरा है। इसके बाद शोएब ने बेबी नाम की युवती से दूसरी शादी की थी। शादी के कुछ ही दिनों बाद पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था।

करीब तीन महीने पहले पत्नी बच्चे को लेकर गोमती नगर के उजरियांव गांव स्थित बहनोई के घर चली गई थी और वहीं रह रही थी। बुधवार रात शोएब की फोन पर पत्नी से बातचीत हुई, जो कहासुनी में बदल गई। विवाद बढ़ने पर शोएब अपने कमरे में चला गया। परिजनों के मुताबिक कमरे से कुछ देर तक आवाजें आती रहीं, फिर सब शांत हो गया। काफी देर तक कोई आहट न मिलने पर भांजा जैन रात करीब 12:30 बजे कमरे में देखने गया, जहां शोएब दुपट्टे के सहारे पंखे से लटके मिले। शोर मचने पर परिजन दौड़े और आनन-फानन में उन्हें फंदे से उतारकर इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले में परिजनों की ओर से थाना मड़ियांव में तहरीर देकर शोएब की पत्नी पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया गया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई होगी। बहनोई साहिल ने यह भी बताया कि शोएब के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। अब उनकी बेटी की जिम्मेदारी दादी मुन्नी देवी और चाचा अकरम पर आ गई है।

Crime Reporter Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *