पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। मड़ियाव पुलिस ने नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने और उस पर जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान मोहम्मद कासिफ खान (22) के रूप में हुई है। पुलिस इससे पहले ही पीड़िता को सकुशल बरामद कर चुकी थी।मड़ियांव थाना प्रभारी के अनुसार यह मामला शुक्रवार को दर्ज किया गया था। पीड़िता के पिता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 15 वर्षीय बेटी को प्रेमजाल में फंसाकर घर से भगा लिया गया है और उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जा रहा है।
शिकायत के आधार पर मड़ियाव थाने में मोहम्मद कासिफ खान पुत्र जलाल अहमद, निवासी प्रेमनगर ककौली, लखनऊ के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। रविवार को पुलिस टीम नौबस्ता चौकी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त रामलीला मैदान के पीछे खड़ा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके से आरोपी मोहम्मद कासिफ खान को जो पेशे से राजगीर मिस्त्री है को गिरफ्तार कर लिया।
मड़ियांव थाना प्रभारी शिवानन्द मिश्रा का कहना है कि आरोपी पीड़िता को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया था। आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी अन्य जनपदों और थानों से जुटाई जा रही है। मामले में विधिक कार्रवाई जारी है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवानंद मिश्र, उपनिरीक्षक दीपक कुमार पाण्डेय और कांस्टेबल रोहित कुमार शामिल रहे।










