खाली प्लाट की बाउंड्री वॉल गिरने से हादसा, मासूम बच्ची की मौत घायल का इलाज जारी
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। मदेयगंज थाना क्षेत्र स्थित पुरानी बांस मंडी में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक खाली प्लॉट की जर्जर बाउंड्री वॉल अचानक भरभराकर गिर गई। जिसकी चपेट में आने से छह वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि एक बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। जानकारी के अनुसार, शनिवार को भाण्डुटोला क्षेत्र स्थित एक खाली प्लॉट की पुरानी और जर्जर बाउंड्री वॉल अचानक ढह गई। हादसे के समय वहां मौजूद जोया (6 वर्ष) पुत्री छोटू और नाजों (80 वर्ष) मलबे के नीचे दब गईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मदेयगंज पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय नागरिकों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। काफी मशक्कत के बाद दोनों को मलबे से बाहर निकाला गया।
गंभीर रूप से घायल जोया को तत्काल राजधानी हॉस्पिटल, खदरा पहुंचाया गया। जहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बलरामपुर चिकित्सालय रेफर कर दिया। हालांकि, बलरामपुर अस्पताल में चिकित्सकों ने इलाज के बाद मासूम को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में घायल 80 वर्षीय नाजों को भी उपचार के लिए बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बाउंड्री वॉल का जर्जर होना माना जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में कई पुराने और जर्जर निर्माण मौजूद हैं। जिनकी समय रहते जांच और मरम्मत न होने से ऐसे हादसों का खतरा लगातार बना रहता है।
घटना के सभी पहलुओं की जांच पड़ताल जारी
पुलिस के मुताबिक सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की गई। घायल नाजो को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं गंभीर चोटों के कारण जोया की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और घटना के सभी पहलुओं की जांच पड़ताल जारी है।
हादसे के बाद इलाके में मातम का माहौल
लखनऊ के खदरा स्थित मदेयगंज क्षेत्र में जर्जर बाउंड्री वॉल गिरने से 6 वर्षीय मासूम जोया की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक बुजुर्ग महिला घायल हो गईं। हादसे के बाद इलाके में मातम का माहौल है। सूचना पर पहुंचीं सपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता पूजा शुक्ला ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच और आर्थिक सहायता की मांग की। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।










