न्यूरिया में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो गोदामों से अवैध लकड़ी बरामद

पायनियर संवाददाता। पीलीभीत

न्यूरिया कस्बे में वन विभाग ने शनिवार को अवैध रूप से संग्रहित लकड़ी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो गोदामों पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान सागौन, साल और यूकेलिप्टस प्रजाति की भारी मात्रा में लकड़ी बरामद की गई। मौके से लकड़ी ढुलाई में प्रयुक्त ट्रैक्टर और चिरान के लिए इस्तेमाल होने वाली आरी भी जब्त की गई है। वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ वन अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

वन विभाग को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि कस्बा न्यूरिया निवासी शादाब पुत्र रब्बा के गोदामों में जंगल क्षेत्र से लाई गई बड़ी मात्रा में लकड़ी अवैध रूप से भंडारित की गई है। सूचना मिलते ही प्रभागीय निदेशक वन एवं वन्यजीव प्रभाग पीलीभीत के निर्देशन में उप प्रभागीय वन अधिकारी, क्षेत्रीय वन अधिकारी तथा पीलीभीत रेंज की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। कार्रवाई में उप क्षेत्रीय वन अधिकारी दिग्विजय सिंह, शेर सिंह, वन दरोगा शैलेंद्र कुमार, रितु, नवीन सिंह बोरा, सिद्धार्थ मिश्रा, राहुल कुमार तथा वनरक्षक रणजीत सिंह शामिल रहे। टीम जब मौके पर पहुंची तो दोनों गोदामों के गेट बंद मिले। आरोपी को मौके पर बुलाया गया, लेकिन वह नहीं पहुंचा।

 

इसके बाद थाना न्यूरिया पुलिस की सहायता से गोदामों के ताले तुड़वाकर तलाशी ली गई। जांच के दौरान दोनों गोदामों से वन क्षेत्र से लाई गई यूकेलिप्टस, साल एवं सागौन प्रजाति की जलाऊ लकड़ी के अलावा तीन नग सागौन के गोल लट्ठे बरामद हुए। मौके पर लकड़ी ढुलाई में प्रयुक्त ट्रैक्टर तथा लकड़ी चिरान की आरी भी मिली। वन विभाग की टीम ने बरामद सभी सामान को अभिरक्षा में लेकर वाहनों के माध्यम से रेंज परिसर पहुंचाया। डीएफओ भरत कुमार डीके के अनुसार आरोपी के विरुद्ध वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई से अवैध लकड़ी कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

Chief Sub-editor Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *