बढ़ती बिजली मांग को देखते हुए क्षमता वृद्धि का कार्य शुरू

विधायक राम प्रताप वर्मा ने किया शिलान्यास

बीपी त्रिपाठी। उतरौला (बलरामपुर)
नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में वर्षों से महसूस की जा रही बेहतर विद्युत व्यवस्था की आवश्यकता को पूरा करने की दिशा में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। आईपीडीएस पावर हाउस, उतरौला में विद्युत क्षमता वृद्धि के तहत स्थापित किए जाने वाले 5 एमवीए क्षमता के नए ट्रांसफार्मर का शिलान्यास विधायक राम प्रताप वर्मा ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया। इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद नगर क्षेत्र सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को नया बल मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक राम प्रताप वर्मा ने कहा कि बढ़ती आबादी, नए विद्युत कनेक्शनों और लगातार बढ़ रही बिजली की मांग को देखते हुए पावर हाउस की क्षमता बढ़ाना समय की आवश्यकता बन गया था। उन्होंने कहा कि नगर के कई हिस्सों में उपभोक्ताओं को लो-वोल्टेज, ओवरलोडिंग, ट्रिपिंग और अतिरिक्त रोस्टर जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता था। इन समस्याओं के समाधान के लिए लगातार विद्युत निगम और शासन स्तर पर प्रयास किए गए, जिसके परिणामस्वरूप 5 एमवीए के अतिरिक्त ट्रांसफार्मर की स्थापना की स्वीकृति मिली।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा है कि शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के लोगों को निर्धारित रोस्टर के अनुसार गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली उपलब्ध हो। नया ट्रांसफार्मर स्थापित होने के बाद पावर हाउस की वहन क्षमता बढ़ेगी और विद्युत वितरण व्यवस्था अधिक संतुलित हो सकेगी। इससे उपभोक्ताओं को बेहतर वोल्टेज मिलने के साथ-साथ अनावश्यक बिजली कटौती और तकनीकी बाधाओं में भी कमी आएगी।
विद्युत विभाग के अधिकारियों के अनुसार वर्तमान समय में आईपीडीएस पावर हाउस पर विद्युत भार लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में नए ट्रांसफार्मर की स्थापना से अतिरिक्त भार का उचित वितरण हो सकेगा। इसका सीधा लाभ नगर क्षेत्र के हजारों घरेलू, व्यावसायिक तथा कृषि उपभोक्ताओं को मिलेगा। अधिकारियों का मानना है कि ट्रांसफार्मर चालू होने के बाद बिजली आपूर्ति व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक स्थिर और प्रभावी हो जाएगी।
विधायक राम प्रताप वर्मा ने कहा कि विकासशील नगरों में भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करना आवश्यक होता है। विद्युत व्यवस्था किसी भी क्षेत्र के विकास की रीढ़ होती है। बेहतर बिजली उपलब्ध होने से व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है, छात्रों को अध्ययन में सुविधा होती है और उद्योग तथा घरेलू जीवन भी प्रभावित होता है। इसी सोच के साथ विद्युत क्षमता बढ़ाने का यह कार्य शुरू कराया गया है।
शिलान्यास कार्यक्रम में विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण उपस्थिति रही। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी विद्युत अरविंद कुमार गौतम, अवर अभियंता रविंद्र कुमार, बड़े बाबू गौरांग श्रीवास्तव, विधायक प्रतिनिधि सुधीर श्रीवास्तव, दद्दन तिवारी, टीजी-2 तिलकराम वर्मा, परमानंद पांडेय, लाइनमैन मोहम्मद उमर उर्फ मंगरे, सचिन वर्मा, एसएसओ राधेश्याम, फूलचंद वर्मा, संतोष वर्मा, राम अभिलाष उर्फ जे.डी. पैंथर सहित विद्युत विभाग के कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने आशा व्यक्त की कि ट्रांसफार्मर की स्थापना के बाद नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से चली आ रही विद्युत समस्याओं का समाधान होगा और उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत सेवाएं प्राप्त होंगी।

Chief Sub-editor Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *