पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। बीकेटी थाना क्षेत्र में किसान पथ पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार अधेड़ की मौत हो गई। जगदीशपुर गांव के सामने अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया,जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही बीकेटी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस द्वारा कराई गई शिनाख्त में मृतक की पहचान बीकामऊ कला निवासी रमेश रावत (52) पुत्र रामचरन के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि रमेश रावत अपनी बाइक से किसी आवश्यक कार्य से किसान पथ के रास्ते जा रहे थे।
इसी दौरान जगदीशपुर गांव के सामने किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।हादसा इतना भीषण था कि रमेश रावत ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दी और पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर फरार वाहन और चालक की तलाश में जुटी है। घटना की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्रीय लोगों ने किसान पथ पर बढ़ते सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए यातायात सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम करने की मांग की है।










