-68 हिंदू और 24 मुस्लिम जोड़ों का निकाह-विवाह
-थानाभवन के वंदना गार्डन में हुआ आयोजन, मोहित बेनीवाल और सुरेश राणा ने नवदंपत्तियों को दिए सुखी जीवन के आशीर्वाद
शामली। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत बृहस्पतिवार को वंदना गार्डन में आयोजित समारोह में 92 जोड़ों का विवाह और निकाह कराया गया। इनमें 68 हिंदू और 24 मुस्लिम जोड़े शामिल रहे। विवाह समारोह में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवदंपत्तियों को आशीर्वाद देकर उनके सुखमय दांपत्य जीवन की कामना की। कार्यक्रम में एमएलसी मोहित बेनीवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा, ब्लॉक प्रमुख पति दीपक कोरी, बृजेंद्र शुक्ल, मुख्य विकास अधिकारी, खंड विकास अधिकारी थानाभवन और जिला समाज कल्याण अधिकारी रीतू रस्तोगी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से जनप्रतिनिधियों का बुके, शॉल और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया।
पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रत्येक जोड़े के लिए एक लाख रुपये का प्रावधान है। इसमें 64 हजार रुपये कन्या के बैंक खाते में भेजे जाते हैं। 21 हजार रुपये की सीमा में शासन द्वारा निर्धारित वैवाहिक उपहार सामग्री और वस्त्र दिए जाते हैं, जबकि 15 हजार रुपये की सीमा में विवाह स्थल, टेंट, भोजन और अन्य व्यवस्थाओं पर खर्च किया जाता है। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप पात्र और जरूरतमंद परिवारों को योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है। इस वर्ष से सामूहिक विवाह योजना में बायोमेट्रिक और फेसियल उपस्थिति के बाद ही जोड़ों का विवाह और निकाह कराया जा रहा है। समारोह में नवदंपत्तियों को विवाह प्रमाणपत्र वितरित किए गए। इसके अलावा वर-वधू को लड्डू और ड्राई फ्रूट्स की टोकरियां भी दी गईं।जिला समाज कल्याण अधिकारी रीतू रस्तोगी ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए तीन लाख रुपये तक वार्षिक आय वाले पात्र परिवार ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि बेटी का विवाह कराना सौभाग्य का कार्य है। समारोह में निर्धारित वैवाहिक सामग्री वितरित करने के बाद कार्यक्रम का समापन किया गया।