25 साल बाद फिर रावण बने चेयरमैन जगदीश गुप्ता, रामलीला देखने उमड़े हजारों श्रद्धालु

टिकैतनगर, बाराबंकी। करीब 200 वर्षों से चली आ रही ऐतिहासिक रामलीला की परंपरा में एक खास नजारा देखने को मिला। नगर पंचायत टिकैतनगर के चेयरमैन जगदीश प्रसाद गुप्ता ने करीब 25 वर्षों बाद एक बार फिर रावण का किरदार निभाकर दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। उनके अभिनय को देखने के लिए रामलीला मंच पर हजारों श्रद्धालुओं और रामलीला प्रेमियों की भीड़ उमड़ पड़ी।
श्री राम जानकी लीला दशहरा कमेटी के तत्वावधान में आयोजित रामलीला में चेयरमैन जगदीश प्रसाद गुप्ता ने कमेटी के आग्रह पर लंबे अंतराल के बाद रावण की भूमिका निभाई। वह पूर्व में करीब 25 वर्षों तक रामलीला मंचन से जुड़े रहे हैं। उनके दोबारा मंच पर उतरने से दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजन ने क्षेत्र की धार्मिक आस्था और समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा की यादें ताजा कर दीं।
कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा, ब्लॉक प्रमुख रत्नेश सिंह ‘मिंटू’, हनुमानगढ़ के महंत बाबा बलराम दास, उपजिलाधिकारी सिरौली गौसपुर सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
रामलीला के मंचन के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों और सत्य की विजय का संदेश दिया गया। ऐतिहासिक आयोजन में उमड़ी भीड़ ने एक बार फिर साबित किया कि टिकैतनगर की रामलीला लोगों की आस्था और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है।



