पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। काकोरी कोतवाली क्षेत्र के ईटगांव स्थित देसी शराब के ठेके पर शराब पीने के दौरान दो लोगों के बीच मामूली बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक व्यक्ति ने पास की नाई की दुकान से ब्लेड लाकर दूसरे की गर्दन पर हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार, बरकताबाद निवासी मुनेश्वर प्रसाद (59) पुत्र नन्नू रावत और ईटगांव निवासी दिलीप कुमार पाल पुत्र रमेश पाल ठेके पर एक साथ शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात पर दोनों में कहासुनी हो गई।
बहस बढ़ने पर आरोपी ने ब्लेड से मुनेश्वर की गर्दन पर वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं पर गिर पड़े। घटना के तुरंत बाद घायल मुनेश्वर प्रसाद को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) काकोरी में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची काकोरी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।