युवती ने फांसी लगाकर दी जान, परिवार मुंडन समारोह में गया था

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। पीजीआई थाना क्षेत्र के पिपरौली गांव में 24 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य उन्नाव में एक मुंडन समारोह में शामिल होने गए थे। घर लौटने पर कमरे का दरवाजा बंद मिला। खिड़की से अंदर देखने पर युवती का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस के अनुसार, सोमवार 12 अक्टूबर को ललित कुमार रावत ने अपनी बहन प्रीति की मौत की सूचना दी।
सूचना पर उपनिरीक्षक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।परिजनों ने पुलिस को बताया कि परिवार के सभी सदस्य मुंडन समारोह में शामिल होने के लिए उन्नाव जिले के रम्मा खेड़ा गांव गए थे, जबकि प्रीति ने साथ जाने से इनकार कर दिया था। वापस लौटने पर कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। खिड़की से देखने पर प्रीति का शव सीलिंग फैन से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ दिखाई दिया।
परिजनों के मुताबिक, प्रीति मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और उसका इलाज चल रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। आत्महत्या के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।



