बाराबंकी। थाना लोनी कटरा क्षेत्र स्थित बाबा निगम चवन्नी ढाबे में बुधवार को दर्दनाक हादसा हो गया। बेसमेंट में भरे पानी में करंट उतरने से एक मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद ढाबा परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
मृतक की पहचान बेहटा निवासी अंगद रावत (20) पुत्र स्व. हरिप्रसाद रावत के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ढाबे के बेसमेंट में पानी भरा था। इसी दौरान जनरेटर का तार हटाने के लिए अंगद बेसमेंट में उतरा था। पानी में करंट उतरने की वजह से वह उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन उसे तत्काल मकनपुर स्थित आरएस हॉस्पिटल ले गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे सिविल अस्पताल लखनऊ रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान अंगद की मौत हो गई।
हादसे के बाद ढाबा परिसर में सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, हादसे में किसी की लापरवाही थी या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।