मुख्य सामग्री पर जाएं
हिंदी संस्करण
पायनियर स्वतंत्र · निष्पक्ष · निर्भीक
खेल

यूपीटी20 लीग सीजन 4 का शुभारंभ 14 अगस्त को … 34 मुकाबले, 3 करोड़ की इनामी राशि, 150 देशों में लाइव प्रसारण

लखनऊ, पायनियर। उत्तर प्रदेश की प्रतिष्ठित क्रिकेट प्रतियोगिता यूपीटी20 लीग सीजन 4 के आगाज का आधिकारिक काउंटडाउन आज लखनऊ में हुई कप्तानों की बैठक और प्रेस कॉन्फ्रेंस के साथ शुरू हुआ। लीग के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने सभी छह फ्रेंचाइजी टीमों…

साझा करें WhatsAppFacebookX
यूपीटी20 लीग सीजन 4 का शुभारंभ 14 अगस्त को … 34 मुकाबले, 3 करोड़ की इनामी राशि, 150 देशों में लाइव प्रसारण
यूपीटी20 लीग सीजन 4 का शुभारंभ 14 अगस्त को ... 34 मुकाबले, 3 करोड़ की इनामी राशि, 150 देशों में लाइव प्रसारण

लखनऊ, पायनियर। उत्तर प्रदेश की प्रतिष्ठित क्रिकेट प्रतियोगिता यूपीटी20 लीग सीजन 4 के आगाज का आधिकारिक काउंटडाउन आज लखनऊ में हुई कप्तानों की बैठक और प्रेस कॉन्फ्रेंस के साथ शुरू हुआ। लीग के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने सभी छह फ्रेंचाइजी टीमों के कप्तानों और प्रतिनिधियों की मौजूदगी में आगामी सीजन की रूपरेखा और कई विशेष पहलों की घोषणा की। 3 करोड़ की विशाल पुरस्कार राशि वाले इस 34 मुकाबलों के टूर्नामेंट का दुनिया के 150 देशों में लाइव प्रसारण किया जाएगा, जबकि भारत में क्रिकेट प्रशंसक जियोहॉटस्टार और स्टार स्पोर्ट्स 2 पर मुकाबलों का सीधा प्रसारण देख सकेंगे। इस स्टार-स्टडेड कार्यक्रम में सभी छह फ्रेंचाइजी टीमों के कप्तान मंच पर मौजूद रहे। इनमें लखनऊ फाल्कन्स के भुवनेश्वर कुमार, मेरठ मेवरिक्स के रिंकू सिंह, कानपुर सुपरस्टार्स के समीर रिजवी, नोएडा किंग्स के माधव कौशिक, गोरखपुर लायंस के आर्यन जुयाल और काशी रुद्राक्ष का प्रतिनिधित्व कर रहे भूपेंद्र यादव शामिल रहे।

मीडिया को संबोधित करते हुए लीग के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि,यह लीग किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि हम सभी की है। मीडिया हमारे परिवार का हिस्सा है। जब तक आप पूरी तरह संतुष्ट नहीं होंगे, न तो साउंडबाइट्स रुकेंगी और न ही तस्वीरें। अगर कोई कमी रह गई हो तो हमें माफ कीजिए। हम सब मिलकर इस क्रिकेट महोत्सव को सफल बनाएंगे।टूर्नामेंट की शुरुआत 14 अगस्त को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में भव्य उद्घाटन समारोह के साथ होगी। समारोह में संगीत के दिग्गज शंकर महादेवन और लोकप्रिय गायिका जैस्मिन सैंडलस लाइव परफॉर्मेंस देंगी। इसके अलावा सिंक्रोनाइज्ड ड्रोन और लाइट शो भी आकर्षण का केंद्र होंगे।

प्रशंसकों के लिए एक बड़ी पहल की घोषणा करते हुए डॉ. कपूर ने कहा कि,स्टेडियम के अंदर खाने-पीने की सभी वस्तुएं, जिसमें पीने का पानी भी शामिल है, अधिकतम खुदरा मूल्य पर ही बेची जाएंगी। इस कदम का उद्देश्य स्टेडियम में आने वाले दर्शकों को राहत देना और उन्हें बेहतर अनुभव प्रदान करना है।यूपी में जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं को तलाशने की दिशा में श्री राजीव शुक्ला के विजन और लीग के प्रभाव पर प्रकाश डालते हुए डॉ. कपूर ने यूपीसीए स्पीड हंट की एक उल्लेखनीय सफलता की कहानी भी साझा की। उन्होंने आगे कहा कि, “हमने स्पीड हंट में ट्रायल के लिए कोई शुल्क नहीं लिया। शुभम गौतम ने 144-145 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी की। वह ₹2.5 लाख के बेस प्राइस के साथ नीलामी में आए और अंततः ₹21.5 लाख में बिके। यह इस लीग की सबसे बड़ी सफलता है।

आगामी सीजन को लेकर सभी फ्रेंचाइजी कप्तानों ने अपनी तैयारियों और रणनीतियों पर भी बात की।लखनऊ फाल्कन्स के कप्तान भुवनेश्वर कुमार ने पिछली दो सीजन की निराशा को पीछे छोड़कर इस बार खिताब जीतने का भरोसा जताते हुए कहा कि, “पिछले दो सीजन में हमारी टीम का प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा और हम ट्रॉफी जीतने से चूक गए। इस बार हमने नीलामी में अपनी कमजोरियों को पहचाना और एक संतुलित टीम तैयार की है। आईपीएल का अनुभव निश्चित रूप से उपयोगी होगा, लेकिन टी20 क्रिकेट 11 खिलाड़ियों का खेल है। हम सकारात्मक माहौल के साथ मैदान पर उतरेंगे और इस बार खिताब जीतने की पूरी कोशिश करेंगे।

मेरठ मेवरिक्स के कप्तान रिंकू सिंह ने अपनी टीम की निरंतरता पर भरोसा जताते हुए कहा कि, “हमारी टीम लगातार शानदार प्रदर्शन करती आई है। हम पिछले तीन सीजन से फाइनल खेल रहे हैं और खिताब भी जीत चुके हैं। कप्तानी का कोई दबाव नहीं है, हम चुनौतियों के लिए तैयार हैं। मेरी रणनीति बहुत सीधी है, मैं टीम के हर खिलाड़ी से कहता हूं कि जब भी उसे मौका मिले, वह बिना किसी दबाव के मैदान पर अपना 100 प्रतिशत दे।

डिफेंडिंग चैंपियन काशी रुद्राक्ष के कप्तान करण शर्मा की ओर से प्रतिनिधित्व कर रहे भूपेंद्र यादव ने टीम की मजबूत तैयारियों का भरोसा जताते हुए कहा कि, “हमारे कप्तान करण शर्मा बीमारी के कारण आज यहां मौजूद नहीं हो सके, लेकिन पिछले कई हफ्तों से चल रहे ट्रेनिंग कैंप की वजह से हमारी टीम की तैयारियां बहुत मजबूत हैं। डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में उतरना अपने आप में एक जिम्मेदारी है। नतीजा हमारे हाथ में नहीं है, लेकिन हम मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलेंगे।युवा कप्तानों समीर रिजवी, माधव कौशिक और आर्यन जुयाल ने भी एक सुर में कहा कि, “यूपीटी20 लीग ने उन्हें अपनी प्रतिभा साबित करने के लिए एक शानदार मंच प्रदान किया है। उन्होंने इस सीजन टीमों में शामिल किए गए नए और ऊर्जावान खिलाड़ियों का भी जिक्र किया और भरोसा जताया कि इस बार प्रतियोगिता बेहद रोमांचक और प्रतिस्पर्धी होने वाली है।”