त्योहारों को लेकर अलर्ट पुलिस, सड़कों पर उतरे डीआईजी, शामली में किया पैदल गश्त

-बाजारों और संवेदनशील स्थानों का लिया जायजा, अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई के निर्देश
शामली। आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। शुक्रवार को सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक अभिषेक सिंह ने शामली शहर में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने प्रमुख मार्गों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
डीआईजी अभिषेक सिंह ने कोतवाली शामली क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और त्योहारों को आपसी भाईचारे तथा सौहार्द के साथ मनाने का संदेश दिया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला, क्षेत्राधिकारी नगर जितेंद्र सिंह, क्षेत्राधिकारी थानाभवन शिवकुमार चौहान सहित अन्य पुलिस अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे। डीआईजी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि आगामी त्योहारों के दृष्टिगत अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क निगरानी रखें। प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों, संवेदनशील स्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर प्रभावी गश्त सुनिश्चित की जाए। किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए, जिससे शांति व्यवस्था प्रभावित न हो। डीआईजी ने पुलिस अधिकारियों को अफवाह फैलाने, भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए। ऐसे मामलों में संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई करने को कहा। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य त्योहारों के दौरान जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और न ही बिना पुष्टि के किसी सूचना को आगे प्रसारित करें। किसी संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था से संबंधित समस्या की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।



