कानपुर, पायनियर। ग्रीनपार्क स्टेडियम के न्यू प्लेयर्स पवेलियन में उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की ओर से आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय क्यूरेटर कार्यशाला, प्रदेश स्तरीय अंपायरिंग एवं स्कोरिंग कार्यशाला और परीक्षा का शुक्रवार को समापन हुआ। कार्यशाला में विशेषज्ञों ने क्यूरेटरों को पिच के निर्माण, रखरखाव और मैच के दौरान उसके महत्व की विस्तृत जानकारी दी।
17 और 18 सितंबर को आयोजित क्यूरेटर कार्यशाला भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के वरिष्ठ पिच क्यूरेटर तापोष चटर्जी और समंदर सिंह चौहान के मार्गदर्शन में हुई। उनके सहयोग के लिए बीसीसीआई के पिच क्यूरेटर भूपेंद्र सिंह भी मौजूद रहे। जिला क्रिकेट संघों की ओर से भेजे गए 25 क्यूरेटरों ने कार्यशाला में प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम के शुभारंभ पर सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। यूपीसीए के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। डॉ. गौरहरि सिंहानिया क्रिकेट एकेडमी के सीईओ दीपक शर्मा ने पूर्व अंतरराष्ट्रीय अंपायर अनिल चौधरी और वरिष्ठ पिच क्यूरेटर तापोष चटर्जी व समंदर सिंह चौहान का स्वागत किया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मैचों में उनके योगदान के बारे में जानकारी भी साझा की।
यूपीसीए के कोषाध्यक्ष सचिन शुक्ला ने प्रतिभागियों को निरंतर प्रगति के लिए प्रोत्साहित किया। सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने कहा कि क्रिकेट मैच में पिच की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। यूपीसीए के निदेशक रियासत अली ने अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार जताया।

समापन समारोह में यूपीसीए के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने विशेषज्ञों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर यूपीसीए के उपाध्यक्ष (फाइनेंस एंड स्ट्रेटजी) सुजीत श्रीवास्तव, अंपायर कमेटी के चेयरमैन मनोज पुंडीर समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अहमद अली खान (तालिब) ने किया।